नाशिक में कलेजा कंपा देने वाली घटना

बेटी के निधन के सदमे में पिता की खुदकुशी

* दो दिन में उजड़ गया परिवार
नाशिक/दि.30 – नाशिक शहर के सिडको इलाके स्थित कामटवाड़े से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. महज 14 साल की नाबालिग बेटी की मौत का सदमा पिता सहन नहीं कर सके और उन्होंने भी फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. महज दो दिनों के भीतर घटी इस दोहरी त्रासदी से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और आणेराव परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हर्षल आणेराव (45 वर्ष) की 14 वर्षीय बेटी प्रणवी आणेराव ने गत 26 जुलाई की रात अपने ही घर में खौफनाक कदम उठाते हुए अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी. घर में अचानक घटी इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में आ गया. अपनी मासूम बच्ची के जाने का गम पिता हर्षल आणेराव बर्दाश्त नहीं कर पा रहे थे. आखिरकार, 28 जुलाई की रात उन्होंने भी उसी घर के कमरे में फांसी लगाकर दुनिया को अलविदा कह दिया. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हर्षल आणेराव की यह दूसरी शादी थी. पिछले कुछ समय से घर में पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते घटना वाले दिन उनकी पत्नी अपने मायके गई हुई थी. बेटी के अचानक चले जाने और घर के तनाव के कारण हर्षल भारी मानसिक दबाव में थे. हालांकि, उन्होंने यह चरम कदम ठीक किस वजह से उठाया, पुलिस इसकी बारीकी से जांच कर रही है.

Back to top button