ट्रक और एसटी बस के बीच हुई भिडंत में एक की मौत, 7 घायल
अमरावती-दर्यापुर मार्ग पर लखापुर फाटा की घटना

अमरावती/दर्यापुर/दि.30 – अमरावती-दर्यापुर मार्ग पर लखापुर फाटे के पास गुरुवार सुबह एसटी बस और आयशर ट्रक की आमने-सामने की भीषण टक्कर में ट्रक क्लीनर की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए. हादसे में एसटी बस के चालक और वाहक सहित दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई है. दुर्घटना में मृत ट्रक क्लीनर का नाम धामोरी ग्राम निवासी श्याम महादेव बुटे (30) है.
जानकारी के मुताबिक दर्यापुर से सुबह करीब 6.30 बजे हिंगणघाट के लिए रवाना हुई एसटी बस क्रमांक एमएच-49/एक्यू-6458 की लखापुर और आराला फाटे के बीच दर्यापुर की ओर आ रहे आयशर ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक में चालक के बगल में बैठे धामोरी निवासी श्याम महादेव बुटे (30) की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में ट्रक में सवार खोलापुर निवासी तुलशीराम अशोक कुपटे (26) गंभीर रूप से घायल हो गया. जबकि मधलापुर ग्राम निवासी ट्रक चालक विशाल खोरडे (30) को मामूली चोटें आईं. खारतलेगांव निवासी एसटी बस के चालक गजानन तुलशीराम पाणीरे (42) तथा आराला ग्राम निवासी वाहक संजय अर्जुन वानखेडे (40) गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को आगे के इलाज के लिए अकोला रेफर किया गया. बस में सवार यात्रियों में दर्यापुर के साई नगर निवासी मनोज महादेव तायडे (44), परतवाडा निवासी मनीष सखाराम चिमोटे (22) तथा बनोसा निवासी प्रफुल कडू सहित चार यात्री घायल हुए, जिनमें अधिकांश को मामूली चोटें आईं.
हादसे की सूचना मिलते ही रुग्णसेवक गोपाल अरबट, राहुल भुंबर और सचिन शेलारे मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस व ट्रक से बाहर निकालकर उपजिला अस्पताल, दर्यापुर पहुंचाया. सूचना मिलने पर दर्यापुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. उपजिला अस्पताल में डॉ. गुंजन गुल्हाने, डॉ. गुणवंत जढाल तथा चिकित्सा टीम ने सभी घायलों का उपचार किया. हादसे की खबर मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.





