मोरबाग-मसानगंज मार्ग से ट्रकों की आवाजाही बंद करने की मांग
वाइएसपी पार्षद दीपक सम्राट के नेतृत्व में पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

अमरावती/दि.30 – मोरबाग वार्ड एवं मसानगंज क्षेत्र के नागरिकों ने अनियंत्रित ट्रैफिक जाम और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग को लेकर युवा स्वाभिमान पार्टी के नगरसेवक दीपक सम्राट के नेतृत्व में परिसर के सैकडों नागरिकों ने पुलिस आयुक्त राकेश ओला को ज्ञापन सौंपा है.
ज्ञापन में नागरिकों ने बताया कि पटवा चौक से खत्री कॉम्प्लेक्स (पांच नंबर पुलिया) तक का मार्ग क्षेत्रवासियों के लिए अस्पताल, स्कूल, बाजार तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने का प्रमुख और लगभग एकमात्र सुरक्षित मार्ग है. लेकिन इतवारा बाजार में अतिक्रमण, सड़क पर खड़ी हाथगाड़ियों तथा ट्रांसपोर्ट कंपनियों के गोदाम और गैरेज संचालित होने से पूरे दिन भारी ट्रकों की आवाजाही बनी रहती है. ट्रकों की लोडिंग-अनलोडिंग और बैक करने के दौरान मार्ग पर लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है, जिससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, स्कूल वैन, एंबुलेंस और शवयात्राओं तक को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
नागरिकों ने बताया कि इसी मार्ग पर गुप्ता हॉस्पिटल, नेत्रालय तथा ब्लॉसम स्कूल स्थित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज, महिलाएं और बच्चे आते-जाते हैं. कुछ दिन पहले एक ट्रक को पीछे करते समय चालक की लापरवाही से एक महिला और उसके दो बच्चे ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए. वहीं वर्ष 2011 में इसी क्षेत्र में एक बच्चे की ट्रक के नीचे आने से मौत हो चुकी है. इसके बावजूद क्षेत्र में दिनभर टाइल्स और लोहे से भरे ट्रकों की आवाजाही और पार्किंग जारी है. क्षेत्रवासियों ने पुलिस आयुक्त से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी ट्रकों की आवाजाही और लोडिंग-अनलोडिंग पर प्रभावी प्रतिबंध लगाया जाए तथा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाकर अस्पताल, स्कूल और स्थानीय नागरिकों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए. साथ ही क्षेत्र में उत्पन्न होने वाली अव्यवस्था और विवाद की स्थिति को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की भी मांग की गई है.
ज्ञापन सौंपने वालों में दीपक सम्राट (साहू) के अलावा शिवकिशोर तिवारी, राजेश साहू, सुनील साहू, देवीसिंग ठाकुर, अमित तिवारी, सुरेश गुप्ता मुन्ना, जुगलकिशोर गुप्ता, किशोर गुप्ता कटलरीवाले, रमेशचंद्र दीक्षित, महेश साहू, सुनील गुप्ता, रोशन बसेरिया, विनोद साहू, रामचंद्र गुप्ता, हेमराज साहू, डॉ. अंकित असोरिया, नंदकिशोर शर्मा, दिलीप काकडे, रामसेठ हरवानी, सुनील किसनलाल गुप्ता, गोविंदा गुप्ता, संदीप श्रीवास, मनोज गुप्ता, राजेश साहू, अतुल पानसरे, राजेश खन्ना श्रीवास, अनमोल गुप्ता, लखन गुप्ता, अनिल देवीकर, भोला कुसवाह, दीपक साहू, करण गुप्ता, आयुष शर्मा, सचिन साहू, विनोद अंबादास, नीलेश साहू, महेश किल्लेकर, जतीन यादव, महेश मोहनलाल साहू, विशाल गुप्ता, अमय यादव, अभिषेक पेठे, अक्षय निलंगे, अजय गुप्ता, राजा साहू, प्रेम साहू, हरीश साहू, गौरव तिवारी, रोहित गुप्ता, अंकेश साहू, नीलेश गुप्ता, मोहित गुप्ता सहित अन्यों का समावेश था.





