उपमहापौर सचिन भेंडे दौडे नागरिकों की सहायता के लिए
अकोली अंडरपास में जलभराव पर आधी रात को निकले घर से बाहर

* आज सुबह भी अकोली रेलवे अंडरपास का पार्षदों संग किया दौरा
* मनपा अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
अमरावती/दि.31- लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शहर के अकोली अंडरपास में भारी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे नागरिकों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपमहापौर सचिन भेंडे ने आधी रात को स्वयं घटनास्थल पहुंचकर हालात का जायजा लिया. साथ ही आज सुबह दोबारा अकोली रेलवे अंडरपास परिसर का दौरा करते हुए महानगरपालिका प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए.
बता दे कि, बीती शाम से शुरू हुई झमाझम बारिश के चलते प्रभाग क्रमांक 19 के साईनगर स्थित अकोली अंडरपास में बड़ी मात्रा में पानी जमा हो जाने से यातायात ठप हो गया था. स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. कई वाहन पानी में फंस गए, जबकि लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा. स्थिति की जानकारी मिलते ही उपमहापौर सचिन भेंडे रात लगभग 1 बजे मौके पर पहुंचे और महानगरपालिका की पूरी मशीनरी को तत्काल सक्रिय करने के निर्देश दिए. इसके बाद जलनिकासी और राहत कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया.
इस दौरान अमरावती महानगरपालिका के आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने अंडरपास में जमा पानी को शीघ्र निकालने, यातायात बहाल करने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया. निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी उपाययोजना तैयार की जाए. जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने, पंपिंग सिस्टम की क्षमता बढ़ाने और वर्षा जल निकासी के लिए दीर्घकालिक योजना बनाने पर भी चर्चा की गई.
उपमहापौर सचिन भेंंडे ने कहा कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन पूरी तत्परता के साथ कार्य करेगा. उन्होंने संबंधित विभागों को बारिश के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई किए जाने का स्वागत किया है. वहीं लोगों ने अकोली अंडरपास में हर वर्ष होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग दोहराई है, ताकि भविष्य में नागरिकों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े.





