बोले- अमरावतीकरों की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

अधूरे अंडरपास पर बरसे विधायक प्रविण पोटे पाटील

* बारिश में जलमग्न हुआ साईनगर, अकोली, भातकुली रेलवे अंडरपास
* रेलवे और मनपा अधिकारियों की आपात बैठक
* घटिया निर्माण पर जताई नाराजगी
* स्थायी समाधान के दिए सख्त निर्देश
अमरावती/दि.31 – लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद साईनगर-अकोली रेलवे अंडरपास में भारी जलभराव होने से नागरिकों को आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा. मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक प्रविण पोटे पाटील ने शुक्रवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया और इसके बाद अमरावती मनपा तथा रेलवे प्रशासन के अधिकारियों की आपात बैठक लेकर जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई. भुसावल रेल्वे डीआरएम इस बैठक में ऑनलाइन उपस्थित रहे. उन्होंने 24 घंटे के अंदर अंडरपास की व्यवस्था सुधारने का भरोसा दिलाया. मगर उपस्थित लीडर्स की रेल्वे गेट खोलने की मांग पर अभी कुछ नहीं कहा.
* आधा-अधूरा, घटिया निर्माण!
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अकोली रेलवे अंडरपास के अधूरे और घटिया निर्माण पर कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि अंडरपास की छत का निर्माण पूरा किए बिना उसे यातायात के लिए खोल देना गंभीर लापरवाही है. इसी वजह से बारिश का पानी बड़ी मात्रा में जमा हुआ और लोगों को अपनी जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. मनपा में आयोजित बैठक में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने ऑनलाइन भाग लिया. बैठक में अंडरपास का शेष निर्माण कार्य युद्धस्तर पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने, साथ ही भविष्य में जलभराव की समस्या हमेशा के लिए खत्म करने हेतु स्थायी तकनीकी समाधान लागू करने के निर्देश दिए गए.
* शहरवासियों की सुविधा प्राथमिकता
बैठक के बाद विधायक प्रविण पोटे पाटील ने कहा कि अमरावती के नागरिकों को किसी भी परिस्थिति में असुविधा नहीं होने दी जाएगी. नागरिकों की सुरक्षा और सुविधाएं हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं. संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान तत्काल किया जाए. इस दौरान मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले, महापौर श्रीचंद तेजवानी, उपमहापौर सचिन भेंडे, सदन के नेता चेतन गावंडे, नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले, गट नेता नाना आमले, गट नेता अविनाश मार्डीकर, मिनी महापौर स्वाती कुलकर्णी, मिलिंद बांबल, लविना हर्षे, रिता देशमुख, मंजूषा जाधव, जीतूू दुधाने, उपायुक्त बोरकर, नरेंद्र वानखडे, अधिकारी रवींद्र पवार, रेलवे विभाग के अधिकारी, जयंत डेहनकर, शिवराय कुलकर्णी, किरण पातुरकर, चेतन पवार, संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.

* विधायक रवि राणा ने मंजूर करवाए 1 करोड
बैठक में उपस्थित उपमहापौर सचिन भेंडे ने बताया कि, रेल्वे डीआरएम इस मिटींग में ऑनलाइन थे. उन्होंने गेट खोलने के बारे में असमर्थता जतायी. जलभराव और अन्य शिकायतें 24 घंटे में दूर करने की बात कही. सचिन भेंडे ने बताया कि, विधायक रवि राणा ने मुंबई में रेल्वे के महाप्रबंधक जीएम से इस बारे में चर्चा की. जीएम द्वारा अंडरपास की छत के काम के लिए तत्काल एक करोड के खर्च की मंजूर देकर शीघ्र टेंडर लगाकर काम शुरु करने कहा है, इस प्रकार की जानकारी भी सचिन भेंडे ने दी.

* गेट खोलने पडेंगे
बैठक में मौजूद राष्ट्रवादी गट नेता और स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर ने कहा कि, अंडरपास की जलभराव की अवस्था और बिजली लाईट नहीं रहने के कारण लगभग सभी दलों के नेताओं ने रेल्वे से कुछ दिनोें के लिए गेट खोलने की मांग रखी थी. जिस पर डीआरएम ने अभी ऐसा नहीं हो सकता, ऐसा कहा. जबकि सभी ने रेल्वे द्वारा अपना नियोजन, अंडरपास की जल निकासी की व्यवस्था ठीक करने कहा था. मार्डीकर ने कहा कि, परिसर के लोगों की आवाजाही सुविधाजनक करने बारिश के सीजन में तो अभी रेल्वे गेट खोल देने की मांग उन्होंने बैठक में उठायी.

Back to top button