सांसद बलवंत वानखडे ने विपक्षी प्रदर्शन में लिया हिस्सा
छात्रों पर कार्रवाई व राम मंदिर चढावा चोरी मामले को लेकर संसद परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन

नई दिल्ली/दि.31- संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को संसद परिसर में विपक्षी दलों के सांसदों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा की मौजूदगी में विपक्षी सांसदों ने 20 जुलाई को सीजेपी आंदोलन के दौरान छात्रों और आंदोलनकारियों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से जवाबदेही की मांग की. इस प्रदर्शन में अमरावती संसदीय क्षेत्र के लोकसभा सदस्य बलवंत वानखडे ने भी हिस्सा लिया.
कांग्रेस सांसद बलवंत वानखड़े ने विपक्षी सांसदों ने संसद के मकर द्वार परिसर में नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगाया. प्रदर्शन में शामिल सांसद बलवंत वानखडे का कहना रहा कि, लोकतंत्र में शांतिपूर्ण आंदोलन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है. लेकिन इसके बावजूद आंदोलनकारी छात्रों के साथ कठोर व्यवहार किया गया. ऐसे में पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. प्रदर्शन के दौरान विपक्ष ने राम मंदिर में प्राप्त चढ़ावे और दान राशि के प्रबंधन को लेकर भी सरकार और संबंधित संस्थाओं पर सवाल उठाए. विपक्षी सांसदों ने आरोप लगाया कि रामभक्तों की आस्था से जुड़े मामलों में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए. इस मुद्दे को लेकर सांसदों ने प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार पर जवाब देने का दबाव बनाया.





