पांचों रेलवे अंडरपास में रातभर हुई बारिश से भरा पानी
शहर के पांचों रेलवे अंडरपास बने जी का जंजाल

* कई रिहायशी क्षेत्रों का एक-दूसरे से सडक संपर्क टूटा
* पैदल राहगिरों सहित वाहनधारकों को आवाजाही में हुई परेशानी
* अकोली रेलवे अंडरपास में सर्वाधिक दिक्कतवाले हालात रहे
* राजापेठ, नवाथे, गोपालनगर व चांगापुर अंडरपास में भी जलजमाव
अमरावती/दि.31 – कल पूरी रात शहर में हुई झमाझम बारिश के चलते जहां एक ओर शहर की निचली वस्तियों सहित कई मकानों व दुकानों में बारिश का पानी जा घुसा. वहीं दूसरी ओर अमरावती शहर में पांच रेलवे क्रॉसिंग पर बनाए गए रेलवे अंडरपास भी कुछ समय के लिए पानी से भर गए. जिसके चलते पैदल राहगिरों व वाहन चालकों को एक ओर से दूसरी ओर आनेे-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पडा. सबसे बूरी स्थिती अभी हाल फिलहाल ही बनाकर शुरू किए गए अकोली एवं चांगापुर रेलवे अंडरपास में रही. जहां पर अक्सर ही हल्की-फुल्की बारिश होते ही जलजमाववाली स्थिती बन जाती है और कल रात अतिवृष्टीवाले हालात रहने के चलते इन दोनों रेलवे अंडरपास में काफी देर तक अच्छा-खासा जलजमाव रहा.
बता दे कि, अमरावती शहर में अमरावती-बडनेरा रेलवे लाईन पर राजापेठ, नवाथे व गोपालनगर रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे अंडरपास का निर्माण किया गया. वहीं नया अमरावती-नरखेड रेलवे लाईन पर अकोली व चांगापुर परिसर में स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे अंडरपास बनाए गए है. ताकि रेलवे पटरियों के दोनों ओर स्थित रिहायशी बस्तियों और क्षेत्रों में रहनेवाले लोगों को एक ओर से दूसरी ओर आने-जाने हेतु रेलवे पटरियों को सीधे तौर पर पार ना करना पडे तथा रेलगाडियों के गुजरते समय यातायात भी अवरूध्द न हो, इसके अलावा रेलवे पटरियों को क्रॉसिंग मुक्त भी किया जा सके. कुल मिलाकर रेलवे अंडरपास की व्यवस्था रेलगाडियों की आवाजाही के साथ ही संबंधित क्षेत्र में वाहनों एवं पैदल राहगिरों की एक ओर से दूसरी ओर आवाजाही को निर्बाध व सुचारू रखने हेतु की गई थी. जिसका रेलगाडियों की आवाजाही को निश्चित तौर पर फायदा हुआ है. परंतु रेलवे प्रशासन द्वारा अंडरपास का निर्माण करते समय की गई गलतियों का खामियाजा अब संबंधित क्षेत्र के नागरिकों एवं रेलवे अंडरपास से गुजरनेवाले लोगों को भुगतना पड रहा है. क्योंकि लगभग सभी रेलवे अंडरपास में बारिश के मौसम दौरान जलजमाववाली स्थिती बन जाती है. जिसके चलते रेलवे अंडरपास के दोनों ओर का यातायात अवरूध्द भी हो जाता है.
अमरावती शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित पांचों रेलवे अंडरपास को लेकर बीती रात से आज सुबह तक मिली जानकारी के मुताबिक, कल रात झमाझम बारिश का दौर शुरू होते ही अकोली परिसर स्थित रेलवे अंडरपास में लगभग घुटनों तक पानी जमा हो गया. जिसके चलते एक ओर से दूसरी ओर आने-जाने में नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पडा. अकोली रेलवे अंडरपास में हालात यहां तक हो गए थे कि, भूमिगत पुलिया में भरे पानी से होकर गुजरते समय कई वाहन बीच में ही बंद पड गए. जिन्हें दोबारा स्टार्ट करने में वाहन चालकों को काफी समस्या व दिक्कतों का सामना करना पडा.
लगभग यहीं स्थिती कल रात से लेकर आज सुबह तक चांगापुर परिसर में बनाए गए रेलवे अंडरपास की भी रही. जहां पर कल रात बारिश शुरू होते ही जलजमाव होना शुरू हो गया था और आज सुबह इस रेलवे अंडरपास में करीब 4 फीट के आसपास पानी भरा हुआ था. आज सुबह बारिश का दौर खत्म होने के बाद चांगापुर रेलवे अंडरपास में जलजमाव का स्तर घटना शुरू हुआ. जिसके बाद परिसरवासियों को आवाजाही में कुछ हद तक राहत मिली. यहां यह विशेष उल्लेखनिय है कि, अमरावती-परतवाडा मार्ग से चांगापुर की ओर आवाजाही के लिए यहीं एकमात्र मुख्य रास्ता उपलब्ध है. जिससे होकर गुजरनेवाली रेलवे क्रॉसिंग पर रेल प्रशासन द्वारा बेहद त्रृटिपूर्ण ढंग से रेलवे अंडरपास का निर्माण किया गया और रेलवे क्रॉसिंग को आम लोगों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया. ऐसे में रेलवे अंडरपास में बारिश के दौरान जलजमाव की स्थिती बनते ही चांगापुर से वलगांव रोड की ओर आवाजाही का एकमात्र रास्ता पूरी तरह से बंद हो जाता है. इसके चलते चांगापुर परिसर का संपर्क पूरी तरह से टूट जाता है. जिसे लेकर इससे पहले कई बार चांगापुर परिसरवासियों द्वारा आवाज उठाई जा चुकी है. लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ.
इसके अलावा शहर के बीचोबीच स्थित तथा शहर के दो प्रमुख हिस्सों को आपस में जोडनेवाले राजापेठ रेलवे अंडरपास में भी बीती रात हुई बारिश के चलते जलजमाववाली स्थिती बन गई तथा रेलवे अंडरपास में करीब 1 से 2 फीट के स्तर तक पानी भर गया. कमोवेश यहीं हालात गोपालनगर परिसर के विशालकाय रेलवे अंडरपास में भी रही. जिसके चलते दोनों अंडरपास से होकर आवाजाही करने में आम नागरिकों को काफी समस्याओं और दिक्कतों का सामना करना पडा. इसकी तुलना में नवाथे परिसर स्थित रेलवे अंडरपास की स्थिती काफी हदतक ठिकठाक रही. ज्ञात रहे कि, नवाथे अंडरपास से लगकर ही एक नाला गुजरता है, जिसके चलते हल्के व मध्यम स्तर की बारिश होने पर पुरा पानी नाले से होकर बह जाता है और नवाथे अंडरपास में जलजमाववाली स्थिती नहीं बनती. लेकिन भारी स्तर वाली बारिश होने और नाले का जलस्तर बढ जानेवाली स्थिती में नवाथे रेलवे अंडरपास भी हर तरह की आवाजाही के लिए बंद हो जाता है.

अंडरपास से जलनिकासी के लिए दमकल दस्ते की दौडभाग
विशेष उल्लेखनिय रहे कि, शहर के अकोली रेलवे अंडरपास सहित गोपालनगर व राजापेठ रेलवे अंडरपास तथा कई व्यापारीक संकुलों के बेसमेंट में बारिश का पानी भर जाने की खबर संबंधित क्षेत्र के नागरिकों की ओर से प्राप्त होते ही मनपा के दमकल दस्ते तुरंत ही संबंधित स्थानों पर पहुंचे. जहां पर दमकल वाहनों के मोटर व पाईप लगाते हुए जलनिकासी करने का काम शुरू किया गया. जिसकी वजह से जलजमाववाली स्थिती को काफी तेज गति के साथ नियंत्रित करते हुए रेलवे अंडरपास को आवाजाही के लिहाज से खुला किया गया. साथ ही साथ व्यापारीक संकुलों के बेसमेंट में भरे पानी को बाहर निकालते हुए व्यापारीक प्रतिष्ठानों को होनेवाले नुकसान को टाला गया.