व्यंकय्यापुरा में जलभराव की समस्या पर तत्काल कार्रवाई
नागरिकों ने पार्षद बबलू शेखावत का जताया आभार

अमरावती/दि.31 – लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद प्रभाग क्रमांक 8 के जोग स्टेडियम-चपरासीपुरा स्थित व्यंकय्यापुरा क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी. बारिश का पानी करीब 15 से 20 घरों में घुस जाने से लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा. विशेष रूप से ठवरे गुरुजी के घर के आसपास पानी का भारी जमाव होने से स्थानीय नागरिकों का जनजीवन प्रभावित हो गया.
मौके का निरीक्षण करने पर पाया गया कि सेंट्रल जेल की ओर से निर्मित दीवार के कारण प्राकृतिक जल निकासी बाधित हो रही है, जिससे वर्षा का पानी सीधे रिहायशी इलाके में भर रहा है. समस्या की गंभीरता को देखते हुए पार्षद बबलू शेखावत ने तत्काल अमरावती मनपा के अधिकारियों से समन्वय कर राहत कार्य शुरू कराया. शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे पार्षद बबलू शेखावत, मनपा के उप अभियंता बोबडे, स्वच्छता निरीक्षक चौरपगार, ठवरे गुरुजी तथा क्षेत्र के नागरिक और कार्यकर्ता गोलू शेख, राजा यादव, शिरीष मडावी, मदन मुराई, मेश्राम, कुत्राम, पांडे और चौबे सहित बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
समस्या के स्थायी समाधान के लिए मनपा के सहयोग तथा निजी मशीनरी की मदद से सेंट्रल जेल की दीवार के पास लगाए गए लोहे के ग्रिल (गज) को काटने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया. अधिकारियों के अनुसार, इस कार्य के पूरा होने के बाद वर्षा के पानी की निकासी सुचारु हो सकेगी और भविष्य में व्यंकय्यापुरा क्षेत्र में जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है. स्थानीय नागरिकों ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रशासन को मौके पर बुलाकर कार्रवाई शुरू कराने के लिए पार्षद बबलू शेखावत का आभार व्यक्त किया. साथ ही विश्वास जताया कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर आगे भी इसी तरह त्वरित कार्रवाई होती रहेगी.