मेलघाट के आदिवासियों की शिकायतों पर प्रशासन गंभीर

साहूकारों के खिलाफ समाधान शिविर आयोजित

अमरावती/दि.1अचलपुर – चिखलदरा (मेलघाट) और अचलपुर तहसील के आदिवासी परिवारों की शिकायतों पर सहकारिता विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विशेष समाधान शिविर आयोजित किया. शिविर में लाइसेंसधारी साहूकारों द्वारा सोना-चांदी गिरवी रखने वाले आदिवासियों से निर्धारित ब्याज से अधिक राशि मांगने तथा मूलधन और ब्याज चुकाने के बावजूद गिरवी रखी वस्तुएं वापस नहीं करने संबंधी शिकायतों की सुनवाई की गई.
यह शिकायतें संभागीय आयुक्त, जिलाधिकारी, अतिरिक्त आयुक्त (आदिवासी विकास) तथा सहकारिता विभाग को प्राप्त हुई थीं. इसके बाद संभागीय संयुक्त निबंधक, सहकारी संस्थाएं गौतम वर्धन के निर्देश तथा जिला उप निबंधक राजेश वी. भुयार के मार्गदर्शन में 1 अगस्त को सहायक निबंधक, सहकारी संस्थाएं, अचलपुर कार्यालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किया गया. शिविर में अचलपुर तहसील के प्रभावित आदिवासी शिकायतकर्ताओं और लाइसेंसधारी साहूकारों को आमने-सामने बुलाकर उनकी बातें सुनी गईं. जिला उप निबंधक राजेश भुयार ने प्रत्येक शिकायत का बिंदुवार परीक्षण कर दोनों पक्षों से चर्चा की और मौके पर ही कई मामलों का समाधान कराया.
अधिकारियों ने बताया कि जिन शिकायतों में महाराष्ट्र सावकारी (विनियमन) अधिनियम, 2014 के तहत कार्रवाई आवश्यक है, उन्हें नियमानुसार निपटाने के निर्देश सहायक निबंधक, सहकारी संस्थाएं अचलपुर को दिए गए हैं. शिविर में अपनी शिकायतों का समाधान होने पर आदिवासी पुरुषों और महिलाओं ने संतोष व्यक्त किया तथा प्रशासन की इस पहल की सराहना की. इस अवसर पर सहायक निबंधक परेश गुल्हाने, प्रशांत ढोके, विजय अंबाडेकर, नीलेश सपकाल, रूपाली दहातोंडे, देवानंद हीराखाने, प्रदीप देशमुख तथा आरती घनसावंत सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.

Back to top button