6-7 फ्लैटों के ताले तोड़े, लाखों के जेवर-नकदी पार

बारिश के दौरान बडनेरा के राज टाउनशिप में चोरों का धावा

* सीसीटीवी के तार काटे, कैमरे तोड़े
* फॉरेंसिक-डॉग स्क्वॉड ने संभाली जांच, रहवासियों में दहशत
अमरावती/दि.1 – बडनेरा-अमरावती मुख्य मार्ग स्थित राज टाउनशिप में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए. चोरों ने टाउनशिप की बी और सी विंग में 6 से 7 फ्लैटों के ताले तोड़ने की कोशिश की, जबकि दो फ्लैटों से जेवरात और नकदी चोरी होने की पुष्टि हुई है. घटना के बाद पूरे परिसर में भय और दहशत का माहौल है.
जानकारी के अनुसार राज टाउनशिप में करीब 300 से 350 फ्लैट हैं. बीती रात लगातार हो रही बारिश का फायदा उठाकर चोर परिसर में घुसे और पहले से की गई रेकी के आधार पर बंद पड़े फ्लैटों को निशाना बनाया. अधिकांश फ्लैटों में रहने वाले लोग बाहर गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. बी विंग के फ्लैट क्रमांक 311 में रहने वाली रेखा शंकरराव ढोके के घर से चोर जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए. वहीं फ्लैट क्रमांक 312 में रहने वाले अभिनव दत्ता के फ्लैट में भी चोरी की गई. अन्य कई फ्लैटों के ताले भी तोड़े गए, हालांकि वे बंद होने के कारण चोरों के हाथ ज्यादा सामान नहीं लग सका. वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने टाउनशिप की सुरक्षा व्यवस्था को भी निशाना बनाया. बी और सी विंग के पीछे लगे कई सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए गए, जबकि कुछ कैमरों को तोड़कर फेंक दिया गया. इसके बावजूद कुछ कैमरों में आरोपी कैद हुए हैं. फुटेज में उनके हाथों में धारदार हथियार दिखाई दे रहे हैं. सभी आरोपियों ने अपने चेहरे और सिर को कपड़े से ढंक रखा था, जबकि एक आरोपी काले रंग का नकाब पहने नजर आया. सूत्रों के अनुसार सुबह करीब 9.30 बजे आरोपी टाउनशिप से बाहर निकलते हुए भी कैमरों में दिखाई दिए.
घटना की सूचना मिलते ही बडनेरा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हनुमंत उरलागोंडावार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. सहायक पुलिस निरीक्षक इंगले और पुलिस कर्मियों ने घटनास्थल का पंचनामा किया. इसके बाद फॉरेंसिक टीम, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. डॉग स्क्वॉड ने बी विंग से जांच करते हुए कई मंजिलों और बेसमेंट तक तलाशी ली. चोरी की घटना के बाद राज टाउनशिप में रहने वाले नागरिक बड़ी संख्या में परिसर में एकत्र हो गए. विशेषकर महिलाओं ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की. टाउनशिप में कई ऐसे फ्लैट हैं, जहां महिलाएं अकेली रहती हैं. घटना के बाद रहवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. फिलहाल बडनेरा पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.

Back to top button