एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे कड़ी सुरक्षा के बीच अमरावती पहुंचे

सर्किट हाऊस में स्वागत पश्चात जिलाधीश कार्यालय पहुंचकर एफडीए के अधिकारियों संग की बैठक

* जिलाधीश कार्यालय के सभागार में चार घंटे तक चला विचार मंथन
* सरकारी विश्रामगृह से कलेक्ट्रेट तक रहा सुरक्षा का कड़ा घेरा
* शाम 5 बजे ‘संवाद तरुणाईशी’ में युवाओं से करेंगे सीधा संवाद
* पोटे कॉलेज में 10 हजार क्षमता वाले सभागार में होगा कार्यक्रम
* मुंढे के दौरे को देखते हुए शहर के खाद्य विक्रेताओं में दिखा हड़कंप
* सुबह से सडक किनारे नहीं दिखे नाश्ते की गाडी व पानटपरीवाले
अमरावती/दि.1- खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) विभाग के आयुक्त तथा अपनी सख्त, पारदर्शी और जनहितैषी प्रशासनिक कार्यशैली के लिए देशभर में पहचान बनाने वाले आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे का आज दोपहर करीब 12 बजे के आसपास अमरावती आगमन हुआ. एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के दौरे को लेकर प्रशासनिक महकमे में विशेष हलचल देखने को मिली. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वे अपने सरकारी वाहन व सुरक्षा रक्षक के साथ पायलट और टेल कार के काफिले के बीच शहर पहुंचे. एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे का सरकारी विश्रामगृह में आगमन होते ही स्थानीय प्रशासन की ओर से स्वागत किया गया, जिसके बाद उन्होंने सीधे जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपने विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की. सूत्रों के अनुसार यह बैठक लगभग तीन से चार घंटे तक चली, जिसमें अमरावती जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के कामकाज, निरीक्षण अभियान, खाद्य सुरक्षा मानकों की स्थिति, लंबित प्रकरणों तथा विभागीय कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई. मुंढे ने अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं और कार्रवाईयों की जानकारी ली तथा कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए. इस दौरान सर्किट हाऊस तथा जिलाधीश कार्यालय परिसर में सुरक्षा के बेहद तगडे इंतजाम रखे गए थे.
* दौरे से पहले ही दिखा असर, कई खाद्य विक्रेताओं ने रखी दूरी
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के दौरे की खबर मिलते ही शहर में खाद्य एवं पेय पदार्थों से जुड़े व्यापारियों और सड़क किनारे लगने वाली नाश्ते के ठेलों सहित पान टपरियों में चर्चा का माहौल बन गया. शहर के कई प्रमुख मार्गों पर दिनभर कुछ पान ठेले और खाद्य स्टॉल बंद दिखाई दिए. खाद्य विक्रेताओं में निरीक्षण और कार्रवाई की संभावना को लेकर हड़कंप जैसी स्थिति देखी गई. हालांकि विभागीय अधिकारियों ने किसी विशेष अभियान की पुष्टि नहीं की है, लेकिन मुंढे की सख्त प्रशासनिक छवि के कारण व्यापारी वर्ग सतर्क नजर आया.
* आज शाम पोटे कॉलेज में युवाओं से संवाद
– ‘विचार मंथन’ प्रतियोगिता के विजेताओं का होगा सम्मान
– सोलर खादी फैशन शो रहेगा आकर्षण का केंद्र
अमरावती दौरे का मुख्य आकर्षण शनिवार शाम 5 बजे आयोजित होने वाला ‘संवाद तरुणाईशी’ कार्यक्रम है. यह आयोजन कठोरा रोड स्थित पी.आर. पोटे एज्युकेशनल इंस्टीट्यूट के स्वामी विवेकानंद सभागार में होगा. कस्तूरबा सोलर खादी महिला समिति और पी.आर. पोटे पाटिल एज्युकेशनल ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में तुकाराम मुंढे युवाओं से सीधे संवाद करेंगे. अपने प्रशासनिक जीवन में अनेक चुनौतियों का सामना कर जनहित के मुद्दों पर प्रभावी कार्य करने वाले मुंढे युवाओं को संघर्ष, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, ईमानदारी, लक्ष्य निर्धारण और सफलता के मूल मंत्रों पर मार्गदर्शन देंगे. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को उनसे सीधे प्रश्न पूछने और अपने करियर संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.
कार्यक्रम के दौरान आयोजित ‘विचार मंथन’ स्पर्धा के विजेताओं को तुकाराम मुंढे के हाथों पुरस्कृत किया जाएगा. साथ ही वे युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व, प्रशासनिक सेवाओं में अवसर और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर भी अपने विचार रखेंगे. आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम केवल व्याख्यान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं और प्रशासन के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा.
कार्यक्रम में मेलघाट क्षेत्र की महिलाओं द्वारा सौर चरखे पर तैयार किए गए खादी वस्त्रों का विशेष सोलर खादी फैशन शो भी आयोजित किया जाएगा. इस प्रस्तुति के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के स्वावलंबन, रोजगार सृजन और खादी आंदोलन को नई पहचान देने का प्रयास किया जाएगा. आयोजकों का मानना है कि यह कार्यक्रम युवा शक्ति और महिला सशक्तिकरण का अनूठा संगम साबित होगा.


* 10 हजार क्षमता वाले विवेकानंद सभागार में व्यापक तैयारियां
– आयोजन स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे की लोकप्रियता और युवाओं में उनके प्रति उत्साह को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर व्यापक तैयारियां की गई हैं. लगभग 10 हजार लोगों की बैठने की क्षमता वाले स्वामी विवेकानंद सभागार को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है. कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है, लेकिन व्यवस्था बनाए रखने के लिए ई-पास अनिवार्य किया गया है. मुंढे के दौरे और कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की है. कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में दो सहायक पुलिस आयुक्त, चार पुलिस निरीक्षक, आठ पुलिस उपनिरीक्षक, 50 पुरुष पुलिसकर्मी तथा 20 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष पुलिस दल भी नियुक्त किए गए हैं.
* युवाओं में उत्साह, कार्यक्रम पर टिकी निगाहें
अमरावती सहित पूरे विदर्भ में तुकाराम मुंढे की कार्यशैली को लेकर युवाओं में विशेष आकर्षण देखा जाता है. ऐसे में ‘संवाद तरुणाईशी’ कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है. माना जा रहा है कि यह कार्यक्रम युवाओं को प्रेरणा देने के साथ-साथ प्रशासन और समाज के बीच संवाद की नई दिशा भी तय करेगा.

Back to top button