राज ठाकरे का मोदी सरकार पर हमला

पहले अपनी ट्रोल आर्मी संभालिए

* मोदी पर फिल्म बनाने वाले अभिनेताओं पर भी साधा निशाना
मुंबई/दि.1 – महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना (मनविसे) के 20वें स्थापना दिवस समारोह में केंद्र सरकार, भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने ट्रोल संस्कृति, शिक्षा, बेरोजगारी, नीट पेपर लीक, छात्रों पर लाठीचार्ज और उच्च शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल के बयानों को लेकर सरकार की आलोचना की.
राज ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में युवाओं की अभद्र भाषा पर जताई गई चिंता का जिक्र करते हुए कहा कि किसी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल गलत है, लेकिन इसकी शुरुआत भाजपा की ट्रोल आर्मी ने की. उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भाजपा ने हर राज्य में ट्रोल करने वाली टीम तैयार की. ठाकरे ने कहा, प्रधानमंत्री से मेरा कहना है कि दूसरों की भी मां होती है. पहले अपने लोगों को मर्यादा में रहना सिखाइए. आपने बच्चों को माफ कर दिया, लेकिन जंतर-मंतर पर छात्रों के सिर फुड़वाने वालों से माफी कौन मंगवाएगा?
* ग्रामीण जेन-जी को भी समझने की जरूरत
उन्होंने कहा कि जेन-जी केवल महानगरों के अंग्रेजी बोलने वाले युवा नहीं हैं, बल्कि 1997 के बाद जन्मी ग्रामीण युवापीढ़ी भी उसी का हिस्सा है. सरकार और समाज को उनकी अपेक्षाओं को समझने की जरूरत है. राज ठाकरे ने राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल के एक बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बचपन में बुद्धि बढ़ाने के लिए सिर में तेल लगाने की सलाह दी जाती थी, लेकिन कुछ लोगों ने जीवनभर तेल लगाया, फिर भी बुद्धि नहीं आई. उन्होंने पाटिल के आधार और फिंगरप्रिंट संबंधी बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मंत्री राज्य के युवाओं में नाराजगी बढ़ा रहे हैं.
कार्यक्रम में मनविसे अध्यक्ष अमित ठाकरे ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की. उन्होंने कहा कि छात्रों के अधिकारों के लिए संगठन लगातार संघर्ष करता रहा है और अब संगठन विस्तार के लिए राज्यभर में सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा. उन्होंने दावा किया कि छात्रों की ताकत से सरकार को भी फैसले बदलने पड़ सकते हैं.

Back to top button