अमरावती में 25 हजार से अधिक रिटर्न दाखिल !
जुलाई का आखरी दिन कर सलाहकारों के लिए अत्यंत व्यस्त रहा

* 12-15 करोड का टैक्स जमा होने का अंदाज
* आज से आयकर का नया टैक्स रिजिम ही रहेगा
अमरावती/दि.1 – आयकर अधिनियम अंतर्गत पिछले वित्त वर्ष 2025-26 के रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि होने से अमरावती से रिटर्न दाखिल करनेवालों की भागदौड रही. अधिकांश कामकाज ऑनलाइन हो जाने से शुक्रवार देर रात 12 बजे तक रिटर्न दाखिल किए जा रहे हैं. उसी प्रकार 25 हजार से अधिक आयटीआर दाखिल किए जाने की संभावना जानकारों ने अमरावती मंडल से चर्चा दौरान व्यक्त की. उन्होंने अनुमान बताया कि 12 से 15 करोड का टैक्स जमा किया गया होगा. इस बीच अंदाज बताया गया कि, अमरावती में टैक्स कलेक्शन बडा भी हो सकता है. हालांकि रिफंड के भी प्रकरण काफी रहते हैं. किंतु जानकारों ने दावे से कहा कि रिटर्न की संख्या निश्चित ही बडी है. नये लेवल पर पहुंची है. अब अगस्त में व्यापारियों और उद्यमियों के आयकर रिटर्न दाखिल किए जाने हैं.
कर सलाहकार अत्यंत व्यस्त
शहर और जिले के कर सलाहकार, चार्टर्ड एकाउंटंट और संबंधित लोग जुलाई माह में पूरे समय काम से घिरे रहे. 31 जुलाई पिछले वित्तवर्ष की आयकर विवरणी दाखिल करने की अंतिम तिथि रही. जिससे पगारदार और व्यक्तिगत कर विवरणी दाखिल करनेवालों में दौडधूप रही. विशेषकर प्रॉपर्टी, शेयर मार्केट और अन्य जगहों से आमदनी दर्शानेवाले लोगों को आयटीआर 1 और आयटीआर 2 दाखिल करना जरूरी था. अमरावती में हजारों लोगों ने अपने आयटीआर जमा कराए. उसी प्रकार कई लोगों ने करों का भुगतान भी किया.
आज से आयटीआर 1 और 2 अंतर्गत विवरणी दाखिल न करनेवाले 5 लाख की आमदनी के लोगों को आज 1 अगस्त से विवरणी दाखिल करते समय 1 हजार रूपए जुर्माना देना पडेगा. उसी प्रकार 5 लाख से अधिक आमदनी रहनेवाले आयकर दाता को 5 हजार रूपए जुर्माना देय रहेगा.
* अमरावती-चंद्रपुर में पांच वॉर्ड, एक सर्कल
अमरावती-चंद्रपुर मिलाकर आयकर विभाग के पांच वॉर्ड और एक सर्कल क्षेत्र शामिल है. सर्कल में 15 लाख से अधिक आमदनी वाले कर दाता का असेसमेंट होता है. हजारों की संख्या में रिटर्न दाखिल किए जाने की जानकारी देते हुए विशेषज्ञों ने बताया कि, संपूर्ण डाटा बेंगलोर स्थित सीपीसी जाता है. वहीं डाटा का विस्तृत विवेचन किया जाता है. आयकर अधिकारियों से संपर्क करने पर उन्होंने कोई भी आंकडे देने में असमर्थता जताई. अमरावती में सहायक आयुक्त पद पर नागपुर के अधिकारी बोरकर को प्रभार दिया गया है. उनके पास अन्य कई सर्कल और वॉर्ड के भी प्रभार होने की जानकारी विभाग से दी गई.





