कंत्राटी वायरमेन की पोल पर करंट लगने से मौत

नांदगांव एमआईडीसी की घटना

* कर्मचारियों की मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपए सानुग्रह निधि देने की मांग
* शव कब्जे में लेने से किया इंकार
अमरावती/दि.1 – कंपनी की खंडित हुई विद्युत आपूर्ति सुचारु करने के लिए विद्युत पोल पर चढे एक 22 वर्षीय कंत्राटी वायरमेन की करंट लगने से मृत्यु हो गई. यह घटना मोर्शी रोड पर स्थित नांदगांव पेठ एमआईडीसी परिसर में घटित हुई. मृतक कर्मचारी का नाम रोहन विठ्ठल राठोड (22) है. वह मार्डी रोड के कारला ग्राम का रहने वाला है.
जानकारी के मुताबिक मृतक रोहण राठोड यह कंत्राटी वायरमेन है. वह ठेकेदार चेतन तिवाडे के पास काम करता है. यह ठेकेदार नांदगांव पेठ की एक कंपनी में बिजली आपूर्ति की देखरेख का काम करता है. बताया जाता है कि, इसस कंपनी की तीन-चार दिन से बारिश शुरु रहने के कारण से बिजली आपूर्ति खंडित हो गई थी. आज सुबह से बारिश न होने के कारण संबंधित ठेकेदार ने महावितरण की विद्युत लाईन को बंद किये बगैर कंत्राटी कर्मचारी रोहण राठोड को विद्युत पोल पर चढा दिया. पोल पर चढते ही लाईन दुरुस्त करते समय जोरदार करंट लगने से रोहण की मृत्यु हो गई. इस घटना के बाद घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई. मृतक के परिजन व रिश्तेदार समेत कंपनी के कर्मचारी भी वहां पहुंच गये. घटना की जानकारी मिलते ही नांदगांव पेठ पुलिस का दल घटनास्थल आ पहुंचा. पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया. लेकिन मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी पर लेने और एमएससीडीसीएल व शासन की तरफ से 50 लाख रुपए सानुग्रह निधि मिलने की मांग की गई. जब तक मांग पूरी नहीं होती, तब तक शव कब्जे में लेने से मृतक के परिजनों ने इंकार कर दिया. इस कारण जिला अस्पताल में कुछ समय के लिए तनाव निर्माण हो गया था. मामले की जांच नांदगांव पेठ पुलिस आगे कर रही है.
* शासन मृतक के परिजनों को दें आर्थिक सहायता
उद्योग आघाडी के भाजपा जिला प्रमुख धीरज जवंजाल भी जिला अस्पताल पहुंच गये. उन्होंने कंत्राटी कर्मचारी मृतक रोहण राठोड के परिवार को 50 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने की मांग की. उनका कहना था कि, संबंधित ठेकेदार पर पुलिस ने मामला दर्ज करना चाहिए. विद्युत लाईन बिना खंडित किये हुए कर्मचारी को पोल पर चढाने से यह घटना घटित हुई. इस कारण उस पर मामला दर्ज किया ही जाना चाहिए.

Back to top button