एटीएम लूटने आया था या भटका हुआ था शख्स?

नवाथे चौक पर हाई-वोल्टेज ड्रामा

* पुलिस जांच में निकली चौंकाने वाली सच्चाई
अमरावती/दि.1 – शहर के नवाथे चौक स्थित एसबीआई एटीएम के बाहर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक संदिग्ध व्यक्ति की अजीबोगरीब हरकतों से मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों में दहशत फैल गई. लोगों को आशंका हुई कि वह एटीएम तोड़कर चोरी की कोशिश कर सकता है. ऐहतियात के तौर पर नागरिकों ने उसे एटीएम के भीतर ही बंद कर दिया और शटर गिराकर पुलिस को सूचना दे दी.
सूचना मिलते ही राजापेठ पुलिस मौके पर पहुंची. शटर खोलकर संदिग्ध व्यक्ति को अपने कब्जे में लिया गया और पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया. शुरुआत में पुलिस को भी आशंका थी कि वह एटीएम में चोरी की नीयत से घूम रहा था. हालांकि, थाने पहुंचने के बाद पूरी तस्वीर बदल गई. पूछताछ के दौरान पता चला कि व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ है. वह लगातार असामान्य हरकतें कर रहा था और पुलिसकर्मियों के लिए भी उसे संभालना मुश्किल हो गया. स्थिति ऐसी थी कि कई जवानों को मिलकर उसे नियंत्रित करना पड़ा. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वह व्यक्ति आंध्र प्रदेश का रहने वाला है और कुछ समय से अपने घर से लापता था. उसकी भाषा और अन्य जानकारियों के आधार पर राजापेठ पुलिस ने आंध्र प्रदेश पुलिस से संपर्क किया. इसके बाद पुष्टि हुई कि उसके परिजन उसकी तलाश कर रहे थे. सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य उसे लेने के लिए अमरावती रवाना हो गए.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, संबंधित व्यक्ति को ताड़ी पीने की लत है. नशा नहीं मिलने के कारण वह असामान्य व्यवहार कर रहा था, जिससे लोगों को उस पर संदेह हुआ. इस घटना ने कुछ समय के लिए पूरे नवाथे चौक क्षेत्र में सनसनी फैला दी. हालांकि, पुलिस जांच में स्पष्ट हो गया कि मामला एटीएम चोरी का नहीं, बल्कि एक लापता और मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति का था. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें.

Back to top button