277 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ युवक गिरफ्तार
53.25 लाख का माल जब्त, राजापेठ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

अमरावती/दि.3– शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजापेठ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 277 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एमडी ड्रग्स, एक फोर्ड इकोस्पोर्ट कार और दो आईफोन सहित कुल 53 लाख 25 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है.
जानकाीर के मुताबिक 1 अगस्त की शाम करीब 6 बजे राजापेठ पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण को गोपनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि साहिल राजेश मेहरा (22), निवासी शिवाजी संकुल, अकोली रोड, अमरावती, साई हेरिटेज परिसर में चार पहिया वाहन में मेफेड्रोन (एमडी) लेकर उसकी बिक्री कर रहा है. सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में डीबी टीम ने साई हेरिटेज, अकोली रोड परिसर में छापा मारकर आरोपी को हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से 277 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स तथा नशीले पदार्थों की बिक्री में उपयोग होने वाली सामग्री बरामद की गई. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 41 लाख 55 हजार रुपये कीमत की एमडी ड्रग्स, लगभग 10 लाख रुपये कीमत की सफेद फोर्ड इकोस्पोर्ट कार तथा करीब 1 लाख 70 हजार रुपये कीमत के दो आईफोन जब्त किए. इस प्रकार कुल 53 लाख 25 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया.राजापेठ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(ए), 21(बी), 22(बी), 28 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मेफेड्रोन की सप्लाई कहां से हुई और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. मामले की जांच जारी है.
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त (जोन-2) श्याम घुगे तथा सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले के मार्गदर्शन में राजापेठ पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में डीबी टीम और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से अंजाम दी.





