अकोट में 29.54 लाख रुपये का प्रतिबंधित गुटखा व तंबाकू उत्पाद जब्त
चालक फरार, अकोट पुलिस की बड़ी कार्रवाई:

अकोट /दि.3– प्रतिबंधित गुटखा एवं तंबाकू उत्पादों के अवैध कारोबार के खिलाफ अकोट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 29 लाख 54 हजार रुपये का अवैध माल और वाहन जब्त किया है. पुलिस को यह सफलता गोपनीय सूचना के आधार पर दरियापुर मार्ग पर की गई नाकाबंदी के दौरान मिली.
जानकारी के मुताबिक एडीपीओ निखिल पाटिल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दरियापुर मार्ग क्षेत्र में नाकाबंदी की. इस दौरान बोलेरो पिकअप (क्रमांक चक-12/तऋ-8595) की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा एवं तंबाकू उत्पाद बरामद हुए. जब्त सामग्री में विभिन्न ब्रांडों के विमल गुटखा, पान पराग, पान बहार, पान मसाला तथा तंबाकू उत्पाद शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 17 लाख 54 हजार रुपये आंकी गई है. इसके अलावा करीब 12 लाख रुपये कीमत की बोलेरो पिकअप भी जब्त की गई. इस प्रकार पुलिस ने कुल 29 लाख 54 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया. कार्रवाई के दौरान वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया. उसकी तलाश के लिए पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है. मामले में संबंधित धाराओं के साथ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है. यह कार्रवाई अकोला जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक के निर्देश पर एडीपीओ निखिल पाटिल के नेतृत्व में की गई. अभियान में पीएसआई श्याम बुंदेले सहित पुलिस कांस्टेबल बजरंग इंग्डे, अनिल सिरसाट, निमकार्डे, अक्षय डेपे, आरसीपी के जवान रामेश्वर धंधाड़, राहुल ठाकुर, चंदा मुंशी तथा राम अहीरकर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. एडीपीओ निखिल पाटिल ने कहा कि प्रतिबंधित गुटखा एवं तंबाकू उत्पादों की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.





