चाकू लेकर दहशत फैला रहे तड़ीपार बदमाश को दबोचा
राजापेठ पुलिस की कार्रवाई

अमरावती /दि.3 – राजापेठ पुलिस ने क्षेत्र में हथियार लेकर लोगों में दहशत फैला रहे एक तड़ीपार बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया है. आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम एवं महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. गिरफ्तार आरोपी का नाम मधुसुदन कालोनी निवासी महेश केशव नारायणी (21) है.
जानकारी के मुताबिक 31 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे राजापेठ पुलिस स्टेशन की डीबी टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि महेश केशव नारायणी (21) नामक बदमाश जो पुलिस आयुक्तालय अमरावती शहर एवं जिले की सीमा से तड़ीपार है, दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास कांति कॉलोनी क्षेत्र में हाथ में घातक हथियार लेकर घूम रहा है और लोगों में दहशत फैला रहा है. सूचना मिलते ही डीबी टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक स्टील का चाइना निर्मित धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 500 रुपये बताई गई है.
इस मामले में राजापेठ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 4/25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 142 और 135 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध तड़ीपार आदेश का उल्लंघन करने तथा हथियार के बल पर लोगों में आतंक फैलाने के संबंध में भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त (जोन-2) श्याम घुगे तथा सहायक पुलिस आयुक्त संजय खटाले के मार्गदर्शन में राजापेठ पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में डीबी टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी.





