राजापेठ पुलिस ने दो कुख्यात सेंधमारों को दबोचा

तीन चोरी की घटनाएं हुई उजागर

अमरावती/दि.3– राजापेठ पुलिस ने घर और दुकानों में सेंधमारी के तीन मामलों का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में आरोपियों ने तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नकदी भी बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम फ्रेजरपुरा निवासी तेजस गणवीर पंडित (22) और नेर निवासी संकेत रामदास धोटे (19) है.
जानकारी के मुताबिक शिकायत के आधार पर राजापेठ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था. जांच के दौरान पुलिस ने तेजस गणवीर पंडित (22) तथा संकेत रामदास धोटे (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने दर्ज चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया. इसके अलावा मुख्य आरोपी तेजस गणवीर पंडित ने मनभरी फूड मार्ट, बडनेरा रोड, जय दुर्गा किराना, राजापेठ तथा राजापेठ क्रॉसिंग के पास एक मकान में हुई चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता कबूल की.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के मामले से संबंधित 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामलों में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त (जोन-2) श्याम घुगे तथा सहायक पुलिस आयुक्त संजय खटाले के मार्गदर्शन में राजापेठ पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में डीबी टीम ने की. कार्रवाई में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

Back to top button