बिजली के तारों पर झूलने लगा युवक, टावर चौक पर मचा हड़कंप
समय रहते बिजली सप्लाई बंद होने से टली बड़ी अनहोनी

साहसी युवक ने जान जोखिम में डालकर बचाया
अकोला/दि.30 – सिविल लाइन पुलिस थाना क्षेत्र के टावर चौक पर मंगलवार रात करीब 10 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अकोट निवासी एक युवक अचानक बिजली के तारों पर चढ़कर झूलने लगा. जमीन से कई फीट ऊपर बिजली के तारों के बीच युवक को इस खतरनाक हालत में देखकर मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए. देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में नागरिकों की भीड़ जमा हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आकाश धुर्वे नामक युवक बिजली के तारों के बीच बेहद जोखिम भरी स्थिति में झूल रहा था. वह जिस तरह तारों के बीच फंसा हुआ था, उसे देखकर किसी भी क्षण बड़ा हादसा होने की आशंका थी. जरा-सी चूक युवक की जान ले सकती थी.
* नागरिकों ने तुरंत बंद करवाई बिजली सप्लाई
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने बिना समय गंवाए बिजली कंपनी से संपर्क किया और विद्युत आपूर्ति बंद करवाई. बिजली बंद होने के बाद भी युवक को तारों से सुरक्षित नीचे उतारना बड़ी चुनौती बना हुआ था. इसी दौरान एक स्थानीय युवक ने असाधारण साहस का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना बिजली के तारों तक पहुंचने का प्रयास किया. उसने काफी मशक्कत कर आकाश धुर्वे को तारों से अलग करने की कोशिश शुरू की.
* बचाने की कोशिश में दोनों नीचे गिरे
आकाश को तारों से अलग करने के दौरान अचानक दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े. हालांकि, गनीमत रही कि इस घटनाक्रम में किसी को गंभीर चोट नहीं आई. समय रहते बिजली आपूर्ति बंद हो जाने से एक संभावित जानलेवा हादसा टल गया.
* पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने आकाश धुर्वे को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया. वहीं, बिजली कंपनी की ओर से घटना के संबंध में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है.
* कुछ देर तक टावर चौक पर लगा रहा तमाशबीनों का हुजूम
रात के समय व्यस्त टावर चौक पर बिजली के तारों पर युवक के झूलने का दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए. कुछ ही देर में पूरा इलाका तमाशबीनों की भीड़ से घिर गया. हर किसी की नजर तारों के बीच फंसे युवक पर टिकी थी. समय रहते बिजली आपूर्ति बंद होने और स्थानीय युवक द्वारा साहस दिखाकर बचाव कार्य करने से बड़ा हादसा टल गया. यदि बिजली प्रवाह बंद नहीं किया जाता या युवक को समय पर तारों से अलग नहीं किया जाता, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी.





