खल्लार के मुख्य बाजारपेठ में दिनदहाडे हत्या
नागपुर के युवक पर तीन नाबालिगों ने किया चाकू से हमला

दो संदिग्ध नाबालिग दबोचे गये, पुलिस महकमे में खलबली
अमरावती/दि.30 – नागपुर के गिट्टी खदान मूल निवासी तथा पिछले 4 माह से खल्लार गांव में रहने वाले एक 40 वर्षीय युवक की आज दिनदहाडे बाजारपेठ में तीन नाबालिग युवकों ने चाकू से हमला कर निर्मम हत्या कर दी. यह सनसनीखेज घटना खल्लार गांव के बाजारपेठ में घटित हुई. इस घटना से बाजारपेठ में खलबली मच गई है. घटना की जानकारी मिलते ही खल्लार पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पहुंचकर दो संदिग्ध नाबालिगों को अपने कब्जे में ले लिया है. मृतक का नाम नईम शहा कुराब शहा (42) है.
जानकारी के मुताबिक नागपुर निवासी नईम शहा चार महीने से खल्लार में रह रहा था. वह अमिन शहा के घर मेहमान के तौर पर आया था. आज बुधवार 30 सितंबर को नईम शहा खल्लार के बाजारपेठ में गया, तब किसी बात को लेकर नाबालिगों के साथ उसका विवाद हो गया. इस विवाद के चलते तीन नाबालिग युवकों ने चाकू से नईम शहा पर हमला कर दिया. चाकू के हमले में भारी रक्तस्त्राव होने से नईम शहा की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. हमलावर नाबालिग युवकों में एक नाबालिग अमरावती शहर के पठान चौक का निवासी बताया जाता है. हत्या के कारण का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है. दिनदहाडे बाजारपेठ में नाबालिगों द्वारा युवक की हत्या किये जाने के बाद बाजारपेठ में अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही खल्लार पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल पर आ पहुंचा. पुलिस के दल ने दो संदिग्ध नाबालिगों को अपने कब्जे में ले लिया. पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए दर्यापुर के सरकारी अस्पताल पहुंचा दिया गया है. घटनास्थल पर खल्लार के थानेदार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंच गये थे. ग्रामीण अपराध शाखा के निरीक्षक अशोक लांडे व फॉरेंसिक दल घटनास्थल पर पहुंचकर वहां का जायजा किया. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है.





