तिवसा के किसानों के लिए अपर वर्धा जलाशय से तत्काल पानी छोड़ने की मांग
तुअर और कपास की फसल को बारिश की खंडित अवधि से नुकसान का खतरा

रबी में चना के लिए भी पानी देने की मांग
अमरावती/दि.30 – तिवसा तहसील में इस समय तुअर और कपास की फसलें वृद्धि की महत्वपूर्ण अवस्था में हैं. बारिश में खंड पड़ने के कारण फसलों को सिंचाई के लिए पानी की आवश्यकता महसूस हो रही है. इस पृष्ठभूमि में तिवसा तालुका कांग्रेस कमेटी ने किसानों की फसलों के लिए अपर वर्धा जलाशय से तत्काल पानी छोड़ने की मांग की है.
इस संबंध में सांसद बलवंत वानखड़े के पत्र के आधार पर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षक अभियंता राजभोज तथा उर्ध्व वर्धा सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता श्रीकांत उमप से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी कि 7 सितंबर तक पानी छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
* रबी के लिए भी पानी उपलब्ध कराने की मांग
बैठक में आगामी रबी सीजन के लिए पानी छोड़ने की योजना पर भी चर्चा हुई. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उपलब्ध जलस्रोत का उचित नियोजन कर कम से कम चना फसल के लिए पानी उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसानों की यह फसल बचाने में मदद मिल सके. अधिकारियों की ओर से इस मांग पर सकारात्मक चर्चा किए जाने की जानकारी कांग्रेस पदाधिकारियों ने दी. प्रतिनिधिमंडल में जिला कांग्रेस सचिव मुकुंद देशमुख, तालुका अध्यक्ष व नगरसेवक वैभव वानखड़े, पूर्व जिला परिषद सदस्य अभिजीत बोके, खरीद-बिक्री संघ के संचालक रवींद्र हांडे, सतीश पारधी, पंकज देशमुख, सेतु देशमुख, राजेश थोरात, युवक कांग्रेस अध्यक्ष प्रद्युम पाटील, अतुल खुले, विश्वजीत बाखड़े, नरेश साबले, प्रणव गौरखेड़े, शेख फारुख सहित कांग्रेस पदाधिकारी और किसान प्रतिनिधि उपस्थित थे.





