गुजरात से अकोला पहुंचा संदिग्ध नकली एक हजार किलो खोवा जब्त
अन्न एवं औषधि प्रशासन की लग्जरी बस अड्डे के पास कार्रवाई

अकोला /दि.28– गुजरात से लग्जरी बस के जरिए अकोला लाए जा रहे संदिग्ध नकली खोवा की सूचना पर अन्न एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार सुबह कार्रवाई करते हुए करीब एक हजार किलो खोवा जब्त किया. बड़ी मात्रा में संदिग्ध खोवा पकड़े जाने से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. विभाग ने जब्त खोवा के नमूने जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक अकोला अन्न एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त वीर को सूचना मिली थी कि गुजरात से लग्जरी बसों के माध्यम से संदिग्ध नकली खोवा अकोला लाया जा रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ गुरुवार सुबह करीब 10 बजे लग्जरी बस अड्डे के आसपास निगरानी बढ़ाई. विभागीय दल को लग्जरी बसों से खोवा नीचे उतारे जाने की जानकारी मिली. इसके बाद टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में खोवा बरामद हुआ. विभाग ने करीब 1,000 किलो खोवा जब्त कर लिया. सहायक आयुक्त वीर ने बताया कि जब्त किए गए खोवा के संबंध में जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. खोवा की गुणवत्ता, उसकी वास्तविक प्रकृति तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जब्त किया गया खोवा खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा उतरता है या नहीं.
* जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
एफडीए के मुताबिक यदि जांच में खोवा निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं मानकों के विपरीत पाया गया और इसे अकोला लाने वाले संबंधित व्यक्तियों की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. त्योहारों के मौसम में खोवा और उससे तैयार होने वाली मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है. ऐसे समय में बड़ी मात्रा में संदिग्ध खोवा पकड़े जाने की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है. अन्न एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई से मिलावटी और मानकविहीन खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है.




