सूखा घोषित करने से क्या फायदा? किसानों को हेक्टेयर 1 लाख की मदद दें

अमरावती जिला युवक कांग्रेस की मांग

* पंचनामे और सर्वे जल्द पूरा कर किसानों के खातों में सीधे सहायता जमा करने की मांग
अमरावती/दि.28 – अमरावती जिले में इस वर्ष बारिश के लंबे अंतराल के कारण सोयाबीन, कपास, तुअर, मूंग सहित विभिन्न खरीफ फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान होने का दावा करते हुए अमरावती जिला युवक कांग्रेस ने किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है. संगठन ने कहा है कि केवल दुष्काल घोषित करने से किसानों की समस्याएं दूर नहीं होंगी. नुकसान की तुलना में ठोस आर्थिक सहायता नहीं दी गई तो यह किसानों के साथ अन्याय होगा.
जिला युवक कांग्रेस के अनुसार, फसल नुकसान के चलते किसान आर्थिक संकट में हैं और कई किसानों के लिए उत्पादन लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है. ऐसे में सरकार को दुष्कालग्रस्त किसानों के लिए तत्काल हेक्टेयर 1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता घोषित कर यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा करनी चाहिए.

* पंचनामे और सर्वेक्षण में देरी न हो
युवक कांग्रेस ने मांग की है कि फसल नुकसान के पंचनामे और सर्वेक्षण की प्रक्रिया बिना किसी देरी के पूरी की जाए. इसके बाद पात्र किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए. संगठन का कहना है कि किसानों ने कर्ज लेकर फसलें खड़ी की थीं, लेकिन बारिश की अनिश्चितता के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है. युवक कांग्रेस ने आर्थिक सहायता के साथ किसानों की कर्ज वसूली स्थगित करने, फसल कर्ज की वसूली पर रोक लगाने तथा बिजली बिलों में राहत देने की भी मांग की है. संगठन के अनुसार, केवल कागजों पर घोषणाएं करने के बजाय सरकार को वास्तविक मदद किसानों के खेतों और खातों तक पहुंचानी चाहिए.

* आंदोलन की चेतावनी
अमरावती जिला युवक कांग्रेस ने कहा कि किसान राज्य की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं. इसलिए किसानों को राहत देने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए. संगठन ने सरकार से हेक्टेयर 1 लाख रुपए की तत्काल सहायता घोषित करने की मांग करते हुए कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर किसानों के न्यायसंगत अधिकारों के लिए तीव्र आंदोलन किया जाएगा. यह मांग अमरावती जिला युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राहुल येवले की ओर से की गई है.

Back to top button