मुख्यमंत्री ने दिया शब्द निभाया, दिवाली से पहले किसानों के खातों में पहुंचेगी मदद

विधायक रवि राणा का दावा, अतिवृष्टि से तबाह सोयाबीन-कपास फसलों का खेतों में पहुंचकर लिया जायजा

अमरावती /दि.28- अमरावती जिले में भारी बारिश और अतिवृष्टि के कारण किसानों की सोयाबीन और कपास की फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है. खेतों में तैयार खड़ी फसल बर्बाद होने से किसान आर्थिक संकट में फंस गए हैं. इसी पृष्ठभूमि में बडनेरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रवि राणा और अचलपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रवीण तायडे ने अचलपुर तहसील के विभिन्न गांवों में पहुंचकर किसानों के खेतों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया.
इस दौरान दोनों विधायकों ने खेतों में उतरकर खराब हुई सोयाबीन और कपास की फसलों का जायजा लिया तथा किसानों से चर्चा कर नुकसान की स्थिति समझी. भोरगांव, आशेगांव, निजामपुर, कुंभापुर, मेलघाट, मोर्शी और वरुड क्षेत्र के कई गांवों में किसानों ने अपनी समस्याएं विधायकों के सामने रखीं.

* मुख्यमंत्री से की थी जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग
विधायक रवि राणा ने कहा कि कुछ दिन पहले मुंबई हवाईअड्डे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर अमरावती जिले को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित करने और किसानों को आर्थिक सहायता देने की मांग की गई थी. उनके अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए पूरे जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने तथा किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है. राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने किसानों के संबंध में दिए गए आश्वासन को पूरा करने की दिशा में कदम उठाया है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिवाली से पहले किसानों के बैंक खातों में सहायता राशि जमा होगी और संकट के बीच किसानों की दिवाली कुछ हद तक राहत के साथ मनेगी.

* दिवाली से पहले खाते में मदद पहुंचाने का प्रयास
विधायक राणा ने कहा कि अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता मिले, इसके लिए सरकार के स्तर पर लगातार फॉलोअप किया जा रहा है. किसानों की दिवाली अंधेरे में न जाए, इसके लिए दिवाली से पहले उनके बैंक खातों में सहायता राशि जमा कराने का प्रयास जारी है. उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए किसानों को तत्काल राहत की आवश्यकता है. सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और सहायता पहुंचाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं.

* खेतों में जाकर नुकसान का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित थे. किसानों ने फसल नुकसान, आर्थिक संकट और आगामी खेती को लेकर अपनी समस्याएं विधायकों के सामने रखीं. विधायकों ने संबंधित क्षेत्र की फसलों की स्थिति का जायजा लेते हुए किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार के स्तर पर प्रयास जारी रखने का भरोसा दिलाया. इस अवसर पर प्रकाश साबले, सोनाली नवले, रविंद्र गवई, अनुराग बोरकर, वैभव गोसावी, अक्षय लोंधे, ओमकार मोहोळ, शिवनारायण पंडित, अजिंक्य काले, चेतन चिखलकर, रवि शहारे, संतोष ठाकुर, राहुल वानखड़े, ऊपेन बचेल, तमीज शाह, अमोल लोंधे, सचिन शेनवारे, मिकिंदा कडू सहित स्थानीय पदाधिकारी, किसान और महायुति के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे.

Back to top button