कर्जमाफी के लिए किसान बिना भ्रम के कराएं आधार प्रमाणीकरण

2 लाख रुपये तक का मिलेगा पूरा लाभ

* जिलाधिकारी आशीष येरेकर की अपील
अमरावती/दि.4– राज्य सरकार की ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमाफी योजना-2026’ के तहत पात्र किसानों से बिना किसी भ्रम में पड़े जल्द से जल्द आधार प्रमाणीकरण कराने की अपील जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने की है. उन्होंने स्पष्ट किया कि 31 मार्च 2026 तक की बकाया कृषि ऋण राशि पर 2 लाख रुपये तक की पूर्ण कर्जमाफी का लाभ पात्र किसानों को अवश्य मिलेगा.
सोमवार को आयोजित पत्रकार परिषद में जिलाधिकारी ने बताया कि सहकार विभाग ने जिले के 1 लाख 24 हजार 142 किसानों का विवरण महाआयटी पोर्टल पर दर्ज किया है. इनमें से 25 जुलाई 2026 को जारी पहली सूची में 76 हजार 976 किसान योजना के लिए पात्र घोषित किए गए. अब तक 46 हजार 421 किसानों ने आधार प्रमाणीकरण पूरा कर लिया है, जबकि 30 हजार 555 किसान अभी भी इस प्रक्रिया से वंचित हैं. कलेक्टर ने कहा कि गांवों में प्रकाशित सूची में दिखाई गई राशि और वास्तविक ऋण राशि में अंतर होने से कुछ किसानों में भ्रम की स्थिति बनी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि आधार प्रमाणीकरण के समय स्क्रीन पर दिखाई देने वाली राशि सरकार सीधे संबंधित बैंक को देगी, जबकि शेष राशि बैंक स्वयं माफ करेगा. इसलिए पात्र किसानों को 2 लाख रुपये तक की संपूर्ण कर्जमाफी का लाभ मिलेगा और किसी भी अफवाह पर विश्वास करने की आवश्यकता नहीं है. उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टैक पंजीकरण और आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य है. पात्र किसान अपने निकटतम आपले सरकार सेवा (सेतु) केंद्र पर जाकर यह प्रक्रिया पूरी करें. यदि योजना, ऋण राशि या अन्य किसी जानकारी को लेकर कोई शंका हो तो संबंधित बैंक शाखा अथवा तालुका सहायक निबंधक, सहकारी संस्था कार्यालय से संपर्क करें.
जिलाधीश ने बताया कि यदि किसी किसान का नाम, ऋण राशि या बैंक खाता संख्या में त्रुटि है, तो पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध है. संबंधित शिकायतें तालुका सहायक निबंधक कार्यालय में भी दी जा सकती हैं, जिनका निपटारा जिला स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा. उन्होंने सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों को निर्देश दिए कि वे अपनी शाखाओं में ‘किसान सहायता कक्ष’ शुरू कर किसानों को योजना संबंधी मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं, ताकि प्रत्येक पात्र किसान तक कर्जमाफी योजना का लाभ समय पर पहुंच सके.

Back to top button