‘नशामुक्त भारत अभियान’ के तहतें कला प्रतियोगिताओं का आयोजन
विजेता करेंगे राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व

अमरावती/दि.4 – युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मेरा युवा भारत केंद्र तथा विद्याभारती महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशामुक्त भारत अभियान-2026’ के अंतर्गत विभिन्न कला प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा का संदेश समाज तक पहुंचाना था.
विद्याभारती महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. मिथिलेश राठोड़ ने की. मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस निरीक्षक किरण वानखेडे तथा पुलिस उपाधीक्षक डॉ. प्रज्ञा येनकर उपस्थित रहीं. इस अवसर पर किरण वानखेडे ने कहा कि युवाओं को इन प्रतियोगिताओं को केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित न रखते हुए समाज में नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लेना चाहिए. तभी नशामुक्त भारत का लक्ष्य साकार हो सकेगा. अभियान के तहत आठ कला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. लघु फिल्म एवं रील प्रतियोगिता में गुंजन शेवाटकर, संगीत एवं लोकगीत में हिमांशी, स्लैम पोएट्री एवं कविता पाठ में कृपाली गव्हाणे, स्लोगन लेखन में भूमिका चारतुरकर, नृत्य में महेक गुप्ता, पथनाट्य एवं मूकनाट्य में अनुज माहुलकर, चित्रकला में अवंतिका पाटील तथा वाद-विवाद एवं वक्तृत्व प्रतियोगिता में मुस्फेरा शेख ने प्रथम स्थान प्राप्त किया.
सभी प्रथम स्थान प्राप्त विजेता अब मुंबई में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अमरावती का प्रतिनिधित्व करेंगे. प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र वितरित किए गए. कार्यक्रम का प्रास्ताविक जिला युवा अधिकारी अक्षय निपाणे ने किया. संचालन भाग्यश्री कांबळे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अजिंक्य गवळी ने किया. कार्यक्रम की सफलता के लिए नरेंद्र घुर्डे, स्नेहा वानखेडे और सतीश वाघमारे ने विशेष सहयोग दिया.