अमरावती में अवयवदान जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ
13 अगस्त तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

अमरावती/दि.4- सुपर स्पेशालिटी हॉस्पिटल अमरावती में सोमवार 3 अगस्त को अवयवदान जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया. समाज में अवयवदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 3 से 13 अगस्त तक विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
अभियान का उद्घाटन विधायक सुलभा खोडके के हाथों किया गया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अवयवदान एक महान मानवीय कार्य है, जिससे कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है. उन्होंने समाज में अधिक से अधिक लोगों को अवयवदान के लिए प्रेरित करने और व्यापक जनजागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया. कार्यक्रम में राज्य अवयवदान जनजागरूकता समन्वयक सोनाली देशमुख, अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमोल नरोटे, विशेष कार्य अधिकारी डॉ. मंगेश मेंढे, नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. हितेश गुल्हाने सहित कई चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन समाजसेवा अधीक्षक शीतल बोंडे एवं ऋषिकेश धस ने किया. इस दौरान अवयवदान के महत्व, उससे मिलने वाले जीवनदान तथा समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर मार्गदर्शन किया गया.
यह अभियान राष्ट्रीय एवं विश्व अवयवदान जनजागरूकता अभियान के तहत ग्रीन लाइट अभियान के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है. अभियान के दौरान जनजागरूकता रैली, व्याख्यान, शपथ ग्रहण, प्रबोधन कार्यक्रम, रेडियो प्रसारण तथा छजढढज पोर्टल पर पंजीकरण जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. आयोजकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर अवयवदान का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएं.
* 13 अगस्त तक कार्यक्रमों की रूपरेखा
– 4 अगस्त: शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में जनजागरूकता कार्यक्रम.
– 5 अगस्त: शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताएं.
– 6 अगस्त: इंदिराबाई मेघे महिला महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम.
– 7 अगस्त: रेडियो के माध्यम से जनजागरूकता.
– 8 अगस्त: सुपर स्पेशालिटी अस्पताल की ओपीडी में नागरिकों को अवयवदान की जानकारी.
– 9 अगस्त: चिकित्सा अधिकारियों, नर्सों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के लिए मार्गदर्शन सत्र.
– 10 अगस्त: अवयवदान जनजागरूकता रैली.
– 11 अगस्त: स्वयंसेवी संस्थाओं एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से जागरूकता अभियान.
– 12 अगस्त: छजढढज पोर्टल पर विशेष पंजीकरण अभियान.
– 13 अगस्त: समापन समारोह.