सावन में भक्तिरस की गंगा प्रवाहित
धामनगांव में श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का मंगलमय प्रारंभ

* वृंदावन की 11 वर्षीय बालव्यास पूज्या अंशिकाजी कर रही कथा वाचन
* माहेश्वरी परिवार का आयोजन
* वरुण देवता का भी मिला सुंदर सहकार्य
धामनगांव रेल्वे/दि.4– सावन मास के पावन एवं आध्यात्मिक अवसर पर धामनगांव नगरी आज से सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का भव्य आयोजन से आलोकित हो उठी है. माहेश्वरी परिवार एवं माहेश्वरी महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में 4 अगस्त से 10 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक वृंदावन धाम, माहेश्वरी भवन में कथा का आयोजन प्रारंभ हुआ. कथा का वाचन वृंदावन निवासी 11 वर्षीय सुप्रसिद्ध बालव्यास पूज्य अंशिकाजी अपने ओजस्वी, मधुर एवं भावपूर्ण मुखारविंद से कर रही है.
कथा सप्ताह का शुभारंभ 4 अगस्त, मंगलवार को प्रातः 8 बजे सिनेमा चौक स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से भव्य कलश एवं शोभायात्रा से होगा. शोभायात्रा से हुआ. श्रद्धालु भजन-कीर्तन एवं जयघोष के साथ शामिल हुए. वरुण देवता ने भी आयोजन में खलल न पडे, इसका ध्यान रखा. प्रथम दिवस की कथा में श्रीमद्भागवत महापुराण के प्रथम श्लोक का विवेचन तथा कथा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला गया.
सात दिवसीय कथा सप्ताह के दौरान प्रतिदिन श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रेरणादायी एवं दिव्य प्रसंगों का संगीतमय वर्णन किया जाएगा. कल 5 अगस्त को श्री शुकदेवजी एवं राजा परीक्षित का प्रसंग तथा भगवान शिव-पार्वती विवाहोत्सव, 6 अगस्त को भगवान वामन अवतार, भगवान नरसिंह अवतार एवं भक्त प्रह्लाद चरित्र, 7 अगस्त को भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 8 अगस्त को बाललीला, गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग होगा, 9 अगस्त को रुक्मिणी विवाह एवं कंस वध तथा 10 अगस्त को सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष, कथा विश्राम, हवन एवं पूर्णाहुति के साथ कथा सप्ताह का विधिवत समापन होगा.
इस श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव में अपने पूर्वजों की पुण्य स्मृति में मुख्य यजमान बनने का सौभाग्य श्रीमती ताराबाई रामजीवनजी पनपालिया एवं गजानन आशीष पनपालिया परिवार ने प्राप्त किया है. वहीं दैनिक यजमान के रूप में अजयकुमार राजकुमार केला, गोपाल दौलतरामजी मूंधड़ा, श्यामसुंदर मोहन गांधी, राधेश्याम लक्ष्मीनारायण गांधी, गजानन जगदीश पनपालिया, रितेश मंगेशकुमार राठी तथा श्रीमती प्रभाबाई रमणलालजी मालू (अमरावती) ने श्रद्धापूर्वक यजमान पद स्वीकार कर कथा महोत्सव में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की है. माहेश्वरी परिवार, माहेश्वरी महिला मंडल, धामनगांव तहसील माहेश्वरी महिला संगठन एवं बहू-बेटी मंडल ने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर श्रीमद्भागवत कथा की अमृतवाणी का श्रवण करने तथा इस आध्यात्मिक महायज्ञ का पुण्य लाभ प्राप्त करने की विनती है.





