प्रेम संबंध में तनाव के बाद युवक ने की आत्महत्या
सुसाइड नोट के आधार पर चार लोगों पर मामला दर्ज

* गाडगे नगर थाना क्षेत्र के ओम कालोनी की घटना
अमरावती/दि.4 – अमरावती के ओम कॉलोनी क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में उसके पिता की शिकायत और घटनास्थल से मिले कथित सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतक युवक का नाम अजय भास्कर वाढोकर है. जबकि आरोपियों के नाम संजय, बेटा तेजस और उनकी बेटी का समावेश है. मृतक और आरोपी मूल अंजनगांव सुर्जी तहसील के रहने वाले है.
पुलिस में भास्कर वाढोकर (70) द्वारा दर्ज शिकायत के मुताबिक उसका बेटा मृतक अजय वाढोकर यह अपने परिवार के साथ अमरावती के विद्युत नगर परिसर के ओम कॉलोनी में रहता था. परिवार में माता-पिता, जुड़वां भाई जय तथा एक विवाहित बहन है. जय नागपुर में निजी नौकरी करता है, जबकि अजय निजी कार्य करता था. शिकायतकर्ता के अनुसार, वर्ष 2019 से अजय का रिश्तेदारी की एक युवती से प्रेम संबंध था. वर्ष 2020 में दोनों परिवारों को इस संबंध की जानकारी मिली थी और प्रारंभिक स्तर पर विवाह को लेकर सहमति भी बनी थी. हालांकि बाद में परिस्थितियां बदल गईं. परिवार का आरोप है कि वर्ष 2026 में अजय ने बताया कि युवती का किसी अन्य युवक से भी संबंध था, जिससे दोनों के बीच विवाद होने लगे. इसके बावजूद वह उसी युवती से विवाह करना चाहता था, लेकिन युवती के पिता विवाह के लिए तैयार नहीं थे.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि अजय के पिता ने खुद युवती के घर जाकर उसके परिवार को समझाने का प्रयास किया था. आरोप है कि उस दौरान युवती के पिता ने फोन पर उन्हें इस मामले से दूर रहने की चेतावनी भी दी थी. इसके बाद अजय मानसिक तनाव में रहने लगा. वह ठीक से खाना नहीं खाता था और कई बार आत्महत्या करने जैसी बातें करता था. परिवार उसे लगातार समझाता रहा कि वह ऐसा कोई कदम न उठाए और उस संबंध को भूलकर आगे बढ़े, लेकिन वह लगातार युवती के संपर्क में बना रहा और तनाव बढ़ता गया.
शिकायतकर्ता भास्कर वाढोकर यह गत 17 जुलाई को वह काम के सिलसिले में अमरावती आए हुए थे. इसी दौरान पड़ोसी का फोन आया कि अजय ने घर में फांसी लगा ली है. यह बात सुनकर परिवार के सदस्य तुरंत घर पहुंचे, जहां अजय का शव कमरे में छत से रस्सी के सहारे लटका मिला. सूचना मिलने पर गाडगे नगर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस को घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है. शिकायतकर्ता भास्कर वाढोकर का दावा है कि सुसाइड नोट में अजय ने अपनी आत्महत्या के लिए चार लोगों को जिम्मेदार ठहराया है और मानसिक प्रताड़ना का उल्लेख किया है. पुलिस ने पिता की शिकायत और कथित सुसाइड नोट के आधार पर संबंधित चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है. मामले की जांच जारी है.





