विद्यानिकेतन सीबीएसई स्कूल में छात्र शपथ ग्रहण समारोह उत्साह के साथ संपन्न

डिजिटल मतदान से चुनी गई छात्र परिषद ने ली जिम्मेदारी निभाने की शपथ

धामणगांव रेलवे/दि.5 – धामणगांव एज्युकेशन सोसायटी द्वारा संचालित विद्यानिकेतन सीबीएसई स्कूल में छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह उत्साहपूर्ण और अनुशासित वातावरण में आयोजित किया गया. विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, अनुशासन तथा लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करने के उद्देश्य से छात्र परिषद का चुनाव डिजिटल मतदान प्रणाली के माध्यम से कराया गया था. चुनाव में विजयी छात्र प्रतिनिधियों ने समारोह में पद एवं कर्तव्य की शपथ ली.
कार्यक्रम में धामणगांव एज्युकेशन सोसायटी के अध्यक्ष शरदचंद्र अग्रवाल, सहसचिव डॉ. असित पसारी तथा स्कूल संचालक राजेंद्र जोशी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शुरुआत में स्कूल संचालक राजेंद्र जोशी ने छात्र नेतृत्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थी अपने पद का उपयोग केवल अधिकार के लिए नहीं, बल्कि विद्यालय के विकास और सहयोग की भावना से करें. इसके बाद अध्यक्ष शरदचंद्र अग्रवाल ने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. छात्र परिषद अध्यक्ष कनिष्क अभ्यंकर ने भी अपने साथियों को जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई. इस अवसर पर अध्यक्ष शरदचंद्र अग्रवाल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अनुशासित एवं समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश दिया. वहीं सहसचिव डॉ. असित पसारी ने विद्यार्थियों से ईमानदारी और विद्यालय के हित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया.
समारोह में कनिष्क अभ्यंकर, श्रीराज वरहाड़े, दर्शन गायकवाड़, पर्णवी शेलके, भावेश बमनोटे और मृण्मयी पदवाड को छात्र प्रतिनिधि के रूप में बैज प्रदान किए गए. वहीं वेदा पटोडे, मंथन राऊत, अर्णव राऊत और आर्यन तायवाडे को हाउस कैप्टन के रूप में सैश पहनाकर सम्मानित किया गया. गार्गी निरमुंडे, लावण्या राऊत, ईश्वरी खरात और ईश्वरी जगताप को हाउस वाइस कैप्टन के रूप में हाउस फ्लैग प्रदान किए गए. कार्यक्रम के दौरान क्रीड़ा शिक्षक वैभव देशमुख के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने अनुशासित एवं आकर्षक परेड प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया. कार्यक्रम का संचालन शुभम जुनघरे एवं काजल पनपालिया ने किया, जबकि योगेश चौधरी ने आभार व्यक्त किया. समारोह की सफलता के लिए विद्यालय के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने विशेष योगदान दिया.

Back to top button