विश्वकर्मा योजना के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोप
महिला समेत दंपती पर मामला दर्ज

* लोन, सब्सिडी और नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठने का आरोप
* सैकड़ों महिलाओं से ठगी की आशंका
अंजनगांव सुर्जी /दि.5 – प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत लोन और सरकारी सब्सिडी दिलाने का झांसा देकर महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर अंजनगांव सुर्जी पुलिस ने अचलपुर तहसील के येवता ग्राम निवासी सारिका श्रीकांत राउत के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है. मामले में उसके पति की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, नीमखेड बाजार निवासी फूलवंती राजकुमार टोटे (39) ने शिकायत में बताया कि मार्च में आरोपी दंपती ने उन्हें विश्वकर्मा योजना के तहत घरेलू सामान उपलब्ध कराने, 18 हजार रुपये की सरकारी सब्सिडी दिलाने तथा 50 प्रतिशत सब्सिडी पर 20 लाख रुपये का ऋण मंजूर कराने का भरोसा दिलाया. शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने विश्वास में लेकर विभिन्न किस्तों में करीब 9.12 लाख रुपये वसूल लिए. इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता की नर्सिंग की पढ़ाई कर रही बेटी को सरकारी अस्पताल में सुपरवाइजर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 5 लाख रुपये की मांग की गई. शिकायतकर्ता ने बचत समूह से 3 लाख रुपये नकद भी दिए. इसके अलावा आरोपियों ने बैंक पासबुक, 14 हस्ताक्षरित कोरे चेक और अन्य दस्तावेज भी अपने पास रख लिए.
* कई गांवों की महिलाओं को बनाया शिकार
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने नीमखेड बाजार, लखड, कार्ला, भंडारराज, सावरपोनी, चिंचोना, परतवाड़ा, चिखलदरा, टेंब्रुसोंडा, शिरगुटी, जामस्ती सहित अकोला और अकोट क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं को भी कम राशि लेकर लाखों रुपये का सब्सिडी वाला ऋण दिलाने का झांसा दिया. पुलिस को आशंका है कि ठगी की रकम करोड़ों रुपये तक पहुंच सकती है. शिकायत में कविता प्रदीप अनोकर और स्नेहल आशीष कल्पांडे से भी 1.56 लाख रुपये की ठगी किए जाने का उल्लेख है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर वित्तीय धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य पीड़ितों की जानकारी भी जुटाई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





