सह उप-पंजीयक पद पर पहली महिला अधिकारी बनीं अंकिता सदरे, संभाला कार्यभार

अंजनगांव के इतिहास में स्वर्णिम पल

अंजनगांव सुर्जी/दि.5 – अंजनगांव सुर्जी स्थित सह उप-पंजीयक कार्यालय के इतिहास में पहली बार किसी महिला अधिकारी की नियुक्ति हुई है. अंकिता श्यामलाल सदरे ने सह उप-पंजीयक के रूप में पदभार ग्रहण कर कार्यालय के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है. उनकी नियुक्ति को प्रशासन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.
महाराष्ट्र राज्य के पंजीयन महानिरीक्षक एवं मुद्रांक नियंत्रक, पुणे द्वारा हाल ही में पदोन्नति के आधार पर राज्यभर में विभिन्न अधिकारियों की नियुक्तियां की गईं. इसी क्रम में अमरावती जिले के अंजनगांव सुर्जी सह उप-पंजीयक कार्यालय में अंकिता सदरे की नियुक्ति की गई. वर्ष 1940 में स्थापित इस कार्यालय के 86 वर्ष के इतिहास में पहली बार किसी महिला अधिकारी ने सह उप-पंजीयक का पद संभाला है. उन्होंने 4 अगस्त 2026 को विधिवत कार्यभार ग्रहण किया.
पदभार ग्रहण करने की जानकारी मिलते ही तहसीलदार पुष्पा सोलंके (दाबेराव) ने तहसील कार्यालय में शॉल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया. इस अवसर पर नायब तहसीलदार रवींद्र काले, दस्तलेखक समीउल्लाह खान, जितू श्रीवास्तव, नज़ूल सर्वेक्षण अधिकारी गजानन साहारे सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. अंकिता सदरे की नियुक्ति से अंजनगांव सुर्जी के प्रशासनिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है. नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में कार्यालय की कार्यप्रणाली और अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं जनहितकारी बनेगी. उनकी इस ऐतिहासिक नियुक्ति पर विभिन्न सामाजिक, प्रशासनिक एवं नागरिक संगठनों की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दी जा रही हैं.

Back to top button