किराना, ड्रायफ्रूट, फल और सब्जियों के दाम बढ़े

त्यौहारों के सीजन में महंगाई की मार

अमरावती /दि.6- त्योहारों की शुरुआत के साथ ही आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ने लगा है. खाद्य तेल, किराना, ड्रायफ्रूट, फल और सब्जियों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है. किराना व्यापारियों के अनुसार, सोयाबीन खाद्य तेल की कीमत 155 रुपये से बढ़कर 160 रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं साबूदाना 64 रुपये से बढ़कर 75 रुपये प्रति किलो और शेंगदाना 140 रुपये से बढ़कर 160 रुपये प्रति किलो बिक रहा है.
* ड्रायफ्रूट भी हुए महंगे
खाड़ी देशों में जारी युद्ध जैसी परिस्थितियों का असर ड्रायफ्रूट बाजार पर भी दिखाई दे रहा है. आयात प्रभावित होने से पिस्ता की कीमत 2,200 रुपये से बढ़कर 2,800 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. अन्य ड्रायफ्रूट के दामों में भी तेजी बनी हुई है.
* फल और सब्जियों के दामों में भी उछाल
त्योहारी मांग बढ़ने के कारण टमाटर, प्याज, हरी सब्जियां, नींबू, सेब, केला सहित अधिकांश फलों और सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं. बाजार में कई सब्जियां 120 रुपये प्रति किलो तक बिक रही हैं. उपभोक्ताओं का आरोप है कि शहर और जिले में फल विक्रेताओं का एक बड़ा नेटवर्क त्योहारों के दौरान मनमाने ढंग से कीमतें बढ़ा देता है. सामान्य दिनों में 20 से 30 रुपये प्रति दर्जन मिलने वाला केला अब 50 से 60 रुपये प्रति दर्जन तक बेचा जा रहा है. अन्य फलों के दामों में भी इसी तरह बढ़ोतरी देखने को मिल रही है.
* महंगाई से बढ़ा घरेलू बजट का दबाव
त्योहारी सीजन में मिठाइयों, फलों और विशेष व्यंजनों की मांग बढ़ने के साथ ही आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों में आई तेजी ने आम परिवारों की चिंता बढ़ा दी है. उपभोक्ताओं का कहना है कि बढ़ती महंगाई के कारण इस बार त्योहार मनाना पहले की तुलना में अधिक महंगा साबित हो रहा है.

Back to top button