महाडीबीटी 2.0 पोर्टल पर प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति आवेदन शुरू

विद्यार्थियों से जल्द आवेदन की अपील

अमरावती/दि.6 – अन्य पिछड़ा बहुजन कल्याण विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विमुक्त जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा विशेष पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों हेतु संचालित प्री-मैट्रिक (9 योजनाएं) और पोस्ट-मैट्रिक (11 योजनाएं) छात्रवृत्ति योजनाओं के ऑनलाइन आवेदन महाडीबीटी 2.0 पोर्टल पर शुरू कर दिए हैं. विभाग ने विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा स्कूल-कॉलेजों के प्राचार्यों से आवेदन में सही जानकारी भरने की अपील की है.
विभाग के मुताबिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन अद्यतन महाडीबीटी 2.0 पोर्टल पर किए जा सकते हैं. छात्रवृत्ति की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में जमा होगी. इसके लिए विद्यार्थियों को आधिकारिक पोर्टल पर आधार आधारित लॉगिन कर पात्र योजना का चयन कर आवेदन करना होगा. आवेदन भरते समय विद्यार्थियों को जाति, वर्ग, महाराष्ट्र निवासी होने का प्रमाण, दिव्यांगता, पारिवारिक आय सहित सभी जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करनी होगी.
विभाग ने स्कूलों और कॉलेजों को निर्देश दिए हैं कि वे विद्यार्थियों को ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग दें. साथ ही, पात्र विद्यार्थियों से प्रवेश के समय शिक्षण एवं परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाए. शैक्षणिक संस्थानों को अपने कॉलेज, मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम, प्रवेश क्षमता, शुल्क संरचना तथा संबंधित स्वीकृतियों की जानकारी भी पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं. अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी महाडीबीटी हेल्पलाइन 022-41150800, 1800-102-5311 या हशश्रविशीज्ञारहरवलीं.र्सेीं.ळप पर संपर्क कर सकते हैं. यह जानकारी अन्य पिछड़ा बहुजन कल्याण विभाग की सहायक निदेशक सरिता बोबडे ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी.

Back to top button