मिलावटी दूध की आशंका से धारणी में हड़कंप
कई डेयरियों पर दोपहर तक लटके ताले

धारणी/दि.6– धारणी शहर में मिलावटी दूध की आशंका को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है. स्थानीय स्तर पर दूध की गुणवत्ता पर उठ रहे सवालों के बीच कई डेयरियों में दूध की आपूर्ति प्रभावित हुई है. स्थिति यह रही कि शहर की कई डेयरियां दोपहर करीब 1 बजे तक बंद रहीं, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा.
हाल ही में प्रकाशित एक समाचार में खंडवा से कथित मिलावटी दूध की आपूर्ति का मुद्दा उठने के बाद शहर में इसकी व्यापक चर्चा शुरू हो गई. इसके बाद धारणी में आने वाले दूध की मात्रा कम होने की बात भी सामने आई है.
* दूध की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल
स्थानीय नागरिकों और गृहिणियों का कहना है कि पहले दूध गर्म करने के बाद बर्तन पर मलाई और पीलेपन की परत दिखाई देती थी, जबकि अब बर्तन सामान्य पानी से आसानी से साफ हो जाता है. उनका दावा है कि दूध में पहले जैसी गंध और गुणवत्ता नहीं रही, जिससे मिलावट की आशंका और गहरा गई है.
* उत्पादन कम, फिर भी आपूर्ति अधिक
ग्रामीणों का कहना है कि धारणी तालुका में पशुओं की संख्या लगातार कम हुई है, जिससे स्थानीय स्तर पर दूध उत्पादन भी घटा है. इसके बावजूद पूरे दिन डेयरियों में पर्याप्त दूध उपलब्ध रहने पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतनी मात्रा में दूध कहां से आ रहा है. सोशल मीडिया और व्हाट्सएप समूहों में भी इस विषय पर चर्चा तेज है.
* जांच की मांग
नागरिकों ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन और जिला दुग्ध विकास विभाग से दूध के नमूनों की जांच कर मिलावट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि दूध छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण खाद्य पदार्थ है, इसलिए इसकी गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए. हालांकि, संबंधित विभाग की ओर से अब तक दूध में मिलावट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है.





