अमरावती में 10 हजार से अधिक किसानों के पास नहीं है किसान आईडी
कर्जमाफी के लाभ में आ रही अड़चन

अमरावती/दि.6- पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर शेतकरी कर्जमुक्ति योजना-2026 के तहत अमरावती जिले के 76,988 पात्र किसानों को दो लाख रुपये तक की कर्जमाफी का लाभ दिया जाना है. हालांकि, योजना के क्रियान्वयन में बड़ी बाधा सामने आई है. प्रशासन के अनुसार, 10,282 पात्र किसानों के पास ‘किसान आईडी’ नहीं है, जिसके कारण उनकी आधार प्रमाणीकरण और कर्जमाफी की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है.
जिला प्रशासन के मुताबिक, योजना का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टैक पंजीकरण और आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य किया गया है. इसके अलावा 3,788 मृतक किसानों के मामलों में भी प्रक्रिया पूरी करने में तकनीकी और दस्तावेजी दिक्कतें सामने आ रही हैं.
* आधार प्रमाणीकरण के लिए विशेष अभियान
राजस्व एवं सहकार विभाग ने पात्र किसानों से जल्द से जल्द पोर्टल पर अपनी जानकारी का सत्यापन कराने और आधार प्रमाणीकरण पूरा करने की अपील की है. इसके लिए सेतु केंद्र, सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) तथा संबंधित अधिकारियों को किसानों से संपर्क कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. पात्र किसानों की सूची ग्राम पंचायतों, सेवा सहकारी संस्थाओं, शासकीय सेवा केंद्रों, सीएससी केंद्रों तथा जिला प्रशासन की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है.
* पोर्टल की राशि ही मानी जाएगी अंतिम
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि बैंक के रिकॉर्ड और योजना के पोर्टल पर दर्शाई गई बकाया राशि में अंतर पाया जाता है, तो पोर्टल पर दर्ज राशि को ही अंतिम माना जाएगा. पोर्टल पर दिखाई गई राशि 31 मार्च तक की बकाया कर्ज राशि के आधार पर निर्धारित की गई है. सरकार ने सभी बैंकों को 1 अप्रैल के बाद का ब्याज नहीं जोड़ने के निर्देश दिए हैं.
* गलत जानकारी होने पर दर्ज कराएं शिकायत
यदि किसी किसान को पोर्टल पर प्रदर्शित कर्ज राशि या अन्य जानकारी गलत प्रतीत होती है, तो वह पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकता है. इन शिकायतों का निपटारा जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय समिति करेगी.
* आधार सत्यापन के बाद मिलेगी कर्जमाफी
जिला उपनिबंधक राजेश भुयार ने बताया कि आधार प्रमाणीकरण पूरा होने के बाद किसानों को एक रसीद मिलेगी, जो प्रक्रिया पूरी होने का प्रमाण होगी. इसके बाद 31 मार्च तक की पात्र बकाया कर्ज राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से संबंधित किसान के कर्ज खाते में जमा की जाएगी और कर्जमाफी प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा. प्रशासन ने सभी पात्र किसानों से अपील की है कि वे बिना देरी किए किसान आईडी बनवाकर एग्रीस्टैक पंजीकरण और आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि कर्जमाफी का लाभ समय पर मिल सके.





