महेंद्र कॉलोनी में स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता रैली आयोजित

वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

अमरावती /दि.6 – अमरावती मनपा के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय कीटजनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम तथा पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ अभियान के तहत महेंद्र कॉलोनी शहरी स्वास्थ्य केंद्र द्वारा महर्षि पब्लिक स्कूल, नवसारी में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, रैली और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में अंकुर फाउंडेशन ने भी सहभागिता की. यह आयोजन मनपा के वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल काले, साथ रोग अधिकारी डॉ. रुपेश खडसे, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शरद जोगी के मार्गदर्शन तथा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आकीब अहमद के नेतृत्व में संपन्न हुआ.
कार्यक्रम की शुरुआत संत गाडगे बाबा महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई. इस अवसर पर महर्षि पब्लिक स्कूल के मुख्याध्यापक रवि देशमुख, स्वास्थ्य निरीक्षक हैदर अली, शशिकांत जायसवाल, पीएचएन अर्चना सालोडकर, स्वास्थ्य सेवक मनीष हटवार, स्वास्थ्य सेविका वैशाली सुरोशे, अंकुर फाउंडेशन की नीलिमा भूत, आशा कार्यकर्ता संध्या पाटील, प्रांगली मोहोड, कुबेर खान, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे.शिविर में विद्यार्थियों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और अन्य कीटजनित रोगों के कारण, लक्षण, बचाव और रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई. अधिकारियों ने मच्छरों की विभिन्न प्रजातियों, उनके प्रजनन स्थलों को नष्ट करने, गप्पी मछलियों के महत्व तथा घर-घर जागरूकता फैलाने का संदेश दिया.
इस दौरान मनपा की वैद्यकीय अधिकारी डॉ. विनंती नवरे ने कुष्ठरोग के बारे में जानकारी दी, जबकि आशा कार्यकर्ता संध्या पाटील ने स्वच्छता के छह महत्वपूर्ण नियम विद्यार्थियों को समझाए. अंकुर फाउंडेशन की नीलिमा भूत ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व पर मार्गदर्शन किया. कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय कीटजनित रोग, क्षय रोग और कुष्ठरोग नियंत्रण विषय पर जनजागरूकता रैली निकाली गई तथा पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया. रैली में विद्यार्थियों ने सूखा दिवस अपनाएं, मलेरिया भगाएं और मच्छरों के ठिकाने मिटाएं, मलेरिया दूर भगाएं जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया.

Back to top button