सामाजिक सरोकारों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा

अमरावती मनपा का स्थापना दिवस 15 अगस्त को

अमरावती/दि.6– अमरावती मनपा का स्थापना दिवस इस वर्ष 15 अगस्त को सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा. इसकी तैयारियों को लेकर महापौर श्रीचंद तेजवानी की अध्यक्षता में बुधवार को स्व. सुदामकाका देशमुख सभागार में समीक्षा एवं नियोजन बैठक आयोजित की गई.
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्थापना दिवस को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखकर जनता का उत्सव – शहर के विकास का संकल्प थीम पर मनाया जाएगा. नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है. सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए. स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर शहरभर में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाएं, सामाजिक संगठन, युवा मंडल और नागरिक भाग लेंगे. इसके साथ ही विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा. महापौर ने युवाओं और सामाजिक संस्थाओं से बड़ी संख्या में रक्तदान कर सामाजिक दायित्व निभाने की अपील की. 15 अगस्त को आयोजित मुख्य समारोह में शहर के विकास में योगदान देने वाले सभी पूर्व महापौरों का विशेष सम्मान किया जाएगा. इसके अलावा संत ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक भवन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें देशभक्ति गीत प्रतियोगिता, स्थापना दिवस एवं 15 अगस्त विषय पर रंगोली प्रतियोगिता, महाराष्ट्र की लोकसंस्कृति पर आधारित नृत्य, अभंग, गवळण, भारुड सहित विभिन्न लोककलाओं की प्रस्तुति 25 से अधिक कलाकारों द्वारा दी जाएगी.
स्थापना दिवस के अवसर पर अमरावती महानगरपालिका की स्थापना से लेकर अब तक की ऐतिहासिक यात्रा को दर्शाने वाली दुर्लभ छायाचित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी. वहीं सफाई कर्मचारियों, मनपा कर्मियों और नागरिकों के लिए संपूर्ण स्वास्थ्य जांच, रक्त परीक्षण और नेत्र जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे. बैठक में उपमहापौर सचिन भेंडे, स्थायी समिति के सभापति अविनाश मार्डीकर, सभागृह नेता चेतन गावंडे, नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले, गटनेता नाना आमले, नगरसेवक रतन डेंडुले, डॉ. प्रशांत देशपांडे, अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख, उपायुक्त योगेश पिठे, भाग्यश्री बोरेकर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.

Back to top button