धारणी नगर पंचायत की टेंडर प्रक्रिया पर उठे सवाल
शिवसेना पार्षद सूरज मालवीय की निष्पक्ष जांच की मांग

धारणी/दि.6 – धारणी नगर पंचायत के निर्माण विभाग की टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाते हुए शिवसेना पार्षद सूरज मालवीय ने मुख्याधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि टेंडर प्रक्रिया में अचानक नो ड्यू सर्टिफिकेट की नई शर्त लागू कर दी गई, जिससे कई पात्र ठेकेदार निविदा में भाग लेने से वंचित रह गए.
ज्ञापन में मालवीय ने कहा कि यदि नो ड्यू सर्टिफिकेट जैसी नई शर्त लागू की जाती है तो इच्छुक ठेकेदारों को प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए था. लेकिन नगर पंचायत प्रशासन ने बिना उचित समय दिए यह शर्त लागू कर दी, जिससे अनेक योग्य ठेकेदार समय पर प्रमाणपत्र प्राप्त नहीं कर सके. वहीं कुछ ठेकेदारों के आसानी से प्रक्रिया में शामिल होने से टेंडर की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं. उन्होंने मांग की है कि पूरे प्रकरण की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए. इसके लिए नगर पंचायत कार्यालय के पिछले एक माह के सीसीटीवी फुटेज, टेंडर से संबंधित फाइलें, कार्यालयीन पत्राचार, बैठकों का रिकॉर्ड तथा नो ड्यू सर्टिफिकेट की शर्त लागू किए जाने से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच की जाए.
शिवसेना पार्षद सूरज मालवीय ने यह भी मांग की कि जांच पूरी होने तक संबंधित टेंडर प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए. यदि जांच में अनियमितता या पक्षपात सामने आता है तो वर्तमान टेंडर को तत्काल निरस्त कर सभी इच्छुक ठेकेदारों को समान अवसर देते हुए नई और पूरी तरह पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाए. उन्होंने दोषी अधिकारियों एवं संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की है.