अमरावती संभाग में भाजपा का संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन

राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने दिया बूथ सशक्तिकरण का मंत्र

* आगामी चुनावों, एसआईआर अभियान और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर बनी रणनीति
अमरावती/दि.6 – भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम विदर्भ में संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय और चुनावी दृष्टि से प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को एक महत्वपूर्ण विभागीय संगठन समीक्षा बैठक आयोजित की. भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश की प्रमुख उपस्थिति और मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, शक्ति केंद्रों की सक्रियता, जनसंपर्क अभियान, मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया.
बैठक में पश्चिम विदर्भ के संगठनात्मक दस जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, जिला प्रभारी एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने भाग लिया. इस दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए आगामी महीनों के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई.


* मजबूत और सक्षम संगठन ही हर चुनौती का समाधान
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का सबसे प्रभावी माध्यम है. उन्होंने कहा कि पार्टी की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता और बूथ स्तर तक फैला संगठनात्मक ढांचा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे शक्ति केंद्र और बूथ स्तर की इकाइयों को और अधिक सक्रिय बनाएं तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पार्टी की पहुंच सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत पर आधारित केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति को सशक्त बनाने वाली हैं. इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
इस समय शिवप्रकाश ने विशेष रूप से कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में भी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए. उन्होंने निर्देश दिया कि जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री और जिला प्रभारी की टीम प्रत्येक माह कार्ययोजना तैयार करे तथा नियमित प्रवास, बैठकों और संगठनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सक्रिय बनाए रखे.
* आगामी चुनावों की तैयारी और बूथ प्रबंधन पर विशेष फोकस
बैठक में आगामी स्थानीय निकाय और अन्य संभावित चुनावों की पृष्ठभूमि में बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान, संगठनात्मक विस्तार और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर विशेष चर्चा हुई. पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच अपनी स्वीकार्यता और संगठनात्मक उपस्थिति को और मजबूत करना है. बैठक में युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों की भागीदारी बढ़ाने, जनहित के मुद्दों पर सक्रिय हस्तक्षेप करने तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.


* सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान
इस अवसर पर भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश के महामंत्री, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. संजय कुटे ने कार्यकर्ताओं से राज्य सरकार और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर कर्जमाफी योजना, किसानों के लिए घोषित बिजली बिल माफी योजना, तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अवधि वर्ष 2031 तक बढ़ाए जाने जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाई जानी चाहिए. इसके लिए विशेष अभियान, प्रवास और बैठकों का आयोजन आवश्यक है.
* संगठनात्मक मजबूती पर नेताओं का जोर
बैठक में उपस्थित नेताओं ने संगठन को अधिक मजबूत, गतिशील और जनाधारित बनाने का संकल्प व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि भाजपा की सफलता का आधार उसका अनुशासित संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं. संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय कर ही आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है.
* प्रमुख नेताओं की रही उपस्थिति
बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता उपेंद्र कोठेकर, विधायक डॉ. संजय कुटे, विधायक एवं विधान परिषद सदस्य प्रवीण पोटे पाटिल, महाराष्ट्र विधानसभा के प्रतोद रणधीर सावरकर, विदर्भ प्रदेश संयोजक दिनेश सूर्यवंशी, पूर्व विधायक एवं अमरावती ग्रामीण-मेळघाट जिले के प्रभारी विजयराव जाधव, बुलढाणा जिले के प्रभारी एवं पूर्व प्रदेश सचिव जयंत डेहनकर, प्रदेश प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी तथा विनोद वाघ विशेष रूप से उपस्थित रहे. इसके अलावा अमरावती शहर जिला अध्यक्ष डॉ. नितीन धांडे, पश्चिम विदर्भ के सभी जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, जिला प्रभारी तथा पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए.
* चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही बैठक
राजनीतिक जानकारों के अनुसार पश्चिम विदर्भ में भाजपा संगठन को नई ऊर्जा देने, बूथ स्तर की संरचना को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति तय करने की दृष्टि से यह बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है. बैठक से स्पष्ट संकेत मिला कि भाजपा आने वाले समय में संगठन विस्तार, जनसंपर्क और सरकार की योजनाओं के प्रचार के माध्यम से पश्चिम विदर्भ में अपनी राजनीतिक पकड़ को और अधिक मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है. बैठक का समापन सेवा, संगठन और समर्पण के संकल्प के साथ हुआ तथा पश्चिम विदर्भ में भाजपा संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया.
* जनप्रतिनिधियों को बैठक से रखा गया दूर, केवल विधायक पोटे व कुटे ही दिखे बैठक में
विशेष उल्लेखनिय है कि, पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिवप्रकाश की उपस्थिती में आयोजित इस बैठक में शामिल होने हेतु संभाग से वास्ता रखनेवाले प्रदेश पदाधिकारियों सहित जिला प्रभारियों, जिलाध्यक्षों व जिला संगठन मंत्रियों को ही आमंत्रित किया गया था. इसमें भी खास बात यह रही कि संभाग में ऐसे पदाधिकारियों की संख्या 125 से 150 के आसपास है. जिनमें से चुनिंदा 60 से 70 पदाधिकारियों को ही इस बैठक हेतु आमंत्रित किया गया. बैठक की दूसरी बडी खासियत यह भी रही कि, इस बैठक से पार्टी के स्थानीय जनप्रतिनिधियों को पूरी तरह से दूर रखा गया. जिसमें अमरावती से वास्ता रखनेवाले विधान परिषद सदस्य प्रवीण पोटे पाटिल तथा बुलढाणा जिले से वास्ता रखनेवाले विधायक संजय कुटे को अपवाद कहा जा सकता है. क्योंकि विधायक प्रवीण पोटे पाटिल भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष है और विधायक संजय कुटे पार्टी के अमरावती जिला प्रभारी है. जिसके चलते पदाधिकारी होने के नाते इन दोनों विधायकों की आज इस अतिमहत्वपूर्ण समिक्षा बैठक में उपस्थिती दिखाई दी. इस बैठक में अमरावती से विधान परिषद हेतु हाल ही में निर्वाचित हुए विधायक प्रवीण पोटे पाटिल का उपस्थितों द्वारा सत्कार भी किया गया. साथ ही विधायक प्रवीण पोटे पाटिल ने भी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिवप्रकाश व प्रदेश संगठन मंत्री डॉ. उपेंद्र कोठीकर का पुष्पगुच्छ प्रदान करते हुए भावपूर्ण स्वागत किया.

Back to top button