राजुरा नाका में तेंदुए का आतंक, बाइक सवार युवक पर हमला
मां बाल-बाल बची, इलाके में दहशत

* लोगों की भारी भीड, वन विभाग मौके पर मुस्तैद
अमरावती/दि.6 – शहर से सटे राजुरा नाका क्षेत्र में तेंदुए की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है. मंगलवार 5 अगस्त की रात तेंदुए ने मोटरसाइकिल से अपनी मां के साथ शहर की ओर जा रहे एक युवक पर अचानक हमला कर दिया. हमले में युवक के पैर में मामूली चोट आई, जबकि उसकी मां सुरक्षित बच गईं. घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया.
जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय निखिल संतोष गिरी अपनी मां को मोटरसाइकिल पर बैठाकर राजुरा नाका से अमरावती शहर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया. हमले में निखिल के पैर में हल्की चोट आई. घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई. सूचना मिलते ही फ्रेजरपुरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. कुछ समय बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का पंचनामा कर जांच शुरू की.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इससे पहले भी इसी क्षेत्र में घनश्याम गहेकर और निलेश किशन पवार पर तेंदुए ने हमला करने का प्रयास किया था. लगातार सामने आ रही घटनाओं से राजुरा नाका और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में दहशत का माहौल है. नागरिकों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़कर क्षेत्र को सुरक्षित करने की मांग की है. फिलहाल वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में जुटी हुई है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.
बता दें कि, पहले भी शहर के सीमावर्ती भागों में तेंदुआ लोगों को डराता रहा है. पालतु कुत्तों सहित प्राणियों के शिकार की घटनाएं हो चुकी है. दो माह पहले रामपुरी कैम्प एरिया में तेंदुए का शावक पाया गया था. चार घंटे की मशक्कत से उसे वन विभाग ने दबोचा था.





