ऑनलाइन जुए के अड्डे पर क्राइम ब्रांच का छापा, दो आरोपी गिरफ्तार
क्राईम ब्रांच की विद्यापीठ रोड के पानटपरी पर पर कार्रवाई

अमरावती/दि.7 – अमरावती शहर क्राइम ब्रांच ने शहर में चल रहे अवैध ऑनलाइन जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्यापीठ रोड स्थित एक पान एवं टी सेंटर पर छापा मारकर दो युवकों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने मौके से ऑनलाइन जुए में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और नकदी सहित 34,180 रुपये का माल जब्त किया. गिरफ्तार आरोपियों के नाम यशोदानगर नं. 1 निवासी सूरज उर्फ भूया बबन ढोके (19) और तेजस राजकुमार गुडाधे (22) है.
जानकारी के मुताबिक 6 अगस्त को वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अतुल वर को गुप्त सूचना मिली थी कि विद्यापीठ रोड स्थित रॉक आर्केड परिसर के स्मोकी बाइट्स पान एंड टी सेंटर में ऑनलाइन वेबसाइट ‘फन टारगेट’ के माध्यम से ‘चक्री’ नामक ऑनलाइन गेम पर पैसे का दांव लगाकर अवैध जुआ खिलाया जा रहा है. सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान दुकान में टीवी स्क्रीन के जरिए ऑनलाइन गेम पर सट्टा खेलते हुए दो युवकों को रंगे हाथों पकड़ा गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज उर्फ भूया बबन ढोके (19) और तेजस राजकुमार गुडाधे (22) के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ऑनलाइन जुए में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण और नकदी सहित 34,180 रुपये का माल जब्त किया. इस मामले में फ्रेजरपुरा पुलिस थाना में महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंध अधिनियम की धारा 4 एवं 5 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त (जोन-1) यशवंत सोलंके, पुलिस उपायुक्त (जोन-2) श्याम घुगे तथा पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं क्राइम) प्रांजलि सोनवणे के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अतुल वर और पुलिस निरीक्षक दिनेश दहातोंडे के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम ने की.





