महाराष्ट्र पुलिस में फेरबदल, अमरावती के पुलिस निरीक्षकों के तबादले
सायबर सेल के पीआई सहित कई अधिकारियों का हुआ स्थानांतरण

अमरावती/दि.7 – महाराष्ट्र पुलिस मुख्यालय ने वर्ष 2026 के पुलिस निरीक्षकों की व्यापक तबादला सूची जारी कर दी है. राज्यभर के सैकड़ों पुलिस निरीक्षकों के स्थानांतरण के साथ अमरावती शहर और अमरावती ग्रामीण पुलिस के कई अधिकारियों का भी तबादला किया गया है. सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त होकर नई पदस्थापना पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं.
जारी आदेश के अनुसार पुलिस निरीक्षक जनार्दन सुभाष सालुंखे का तबादला अमरावती शहर से पुणे ग्रामीण किया गया है. वहीं सहेंद्र सुखदेव अंभोरे को अमरावती शहर से नागपुर शहर भेजा गया है. इसी प्रकार अशोके तुकाराम जाधव का तबादला अमरावती ग्रामीण से नांदेड़, सुरेश रामेश्वर म्हस्के का अमरावती ग्रामीण से नवी मुंबई तथा अजित तोताराम राठौड़ का अमरावती ग्रामीण से मुंबई शहर किया गया है.
वहीं सतीश ओंकारराव पाटील को अमरावती ग्रामीण से अमरावती शहर में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. दूसरी ओर गजानन गुलाबराव पाटेकर का मुंबई शहर से अमरावती ग्रामीण में स्थानांतरण हुआ है. इसके अलावा मंगेश पद्माकर मोहोड़ को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से अमरावती ग्रामीण में पदस्थ किया गया है. पुलिस मुख्यालय ने आदेश में सभी संबंधित इकाई प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि स्थानांतरित अधिकारियों को बिना किसी विलंब के तत्काल कार्यमुक्त किया जाए. इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के बाद अमरावती शहर एवं ग्रामीण पुलिस की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों में बदलाव देखने को मिल सकता है.





