अकोला में ज्वेलरी दुकान में सेंध, लाखों का माल पार

उसी इमारत के अनेक फ्लैट भी निशाने पर

अकोला/दि.7– दर्यापुर के माहोरे ज्वेलर्स पर डाके के बाद अब अकोला से ज्वेलरी दुकान में लाखों की सेंध लगाए जाने का समाचार है. सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दो-तीन बदमाशों ने न केवल ज्वेलरी दुकान में चोरी की. बल्कि उसी इमारत के अनेक फ्लैट में भी ताला तोडकर घुसने का प्रयास किया. यह घटना आज तडके 4 बजे होने की जानकारी सिविल लाइन के थानेदार ने मीडिया को दी और बताया कि, आरोपियों की खोजबीन के लिए दो दल रवाना किए गए हैं. मौके पर श्वान पथक और अंगुली विशेषज्ञ सहित उच्चाधिकारियों ने भेंट दी है.
सूत्रों के अनुसार खामगांववाले संचालित श्री धनराज ज्वेलर्स में मुंह पर कपडा बांधे दो-तीन बदमाशों ने सेंध लगाई. कटर से चैनेल गेट और शटर के सीधे कुंडी ही काटकर चोरों ने ज्वेलरी शोरुम में प्रवेश किया. उन्होंने सोने और चांदी के आभूषण समेटे और भाग गए. इसी बिल्डींग में कुछ फ्लैट के ताले भी टूटे पाए गए हैं. जिससे वहां भी चोरी का अंदाज बताया जा रहा है. समाचार लिखे जाने तक पुलिस चोरी की रकम का कुल आंकडा बता नहीं पाई थी. फिर भी लाखों का माल पार हो जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है. आज सुबह घटना का खुलासा होते ही एरिया में हडकंप मचा. वहां से थोडी ही दूरी पर विधायक रणधीर सावरकर का घर है. ऐसे में पुलिस की गश्त पर लोग सवाल उठा रहे हैं. दूसरी ओर थानेदार ने दावा किया कि, चोरी आज तडके 4 बजे हुई. सीसीटीवी में चोरों का कुछ सुराग मिला है. उस आधार पर छानबीन शुरु की गई है.

Back to top button