एसआरपीएफ दे रही पुलिस अफसरान, सिपाहियों को ट्रेनिंग

जनता- खाकी संघर्ष की स्थिति में कैसे निपटा जाएं

* सीएम फडणवीस के निर्देश पर डीजी सदानंद दाते का मार्गदर्शन
* एसपी विश्व पानसरे बता रहे तौर तरीके
अमरावती /दि.7 – राज्य आरक्षित पुलिस बल के अधीक्षक विश्व पानसरे के नेतृत्व में एसआरपीएफ के मैदान पर अमरावती आयुक्तालय क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों को खास प्रशिक्षण दिया जा रहा है. पब्लिक-खाकी संघर्ष में स्थिति हैंडल करने की विशेष ट्रेनिंग के साथ बल और साधन प्रयोग की बारी-बारी से इस्तेमाल के बारे में एसपी विश्व पानसरे बता रहे हैं. ट्रेनिंग के साथ ही दंगा या ऐसे किसी संघर्ष की स्थिति से निपटने विशेष ड्रेस और साधन भी मुहैया किए गये हैं.
गृह मंत्री के खास निर्देश
पुलिस सूत्रों ने अमरावती मंडल को बताया कि दंगा नियंत्रण पथक को अपडेट करने के विषय में मुख्यमंत्री और गृह महकमा संभाल रहे देवेन्द्र फडणवीस तथा प्रदेश के डीजी सदानंद दाते के निर्देश पर अमल हो रहा है. इसके लिए पथक को विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है. कुछ दिनों की ट्रेनिंग अमरावती शहर के सभी अधिकारियों के लिए आवश्यक की गई है. अत: सभी अधिकारी और संबंधित कर्मचारी इस ट्रेनिंग में सहभागी है.
विशेष पोशाख, खाकी बचेगी चोट से
इस ट्रेनिंग में दंगा नियंत्रक पथक को विशेष पोशाख दी गई है. क्रिकेट के बल्लेबाज अथवा हॉकी के गोलकीपर जिस प्रकार पूरे बदन को ढके रहते हैं. इसी प्रकार की यह आधुनिक पोशाक पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध की गई है. जिससे पत्थर, तेजधार हथियार, कांच की बोतलें सहित अनेक वस्तुओं के प्रहार से पुलिस कर्मियों का बचाव होगा. वे चोट लगने से बचेंगे. उन्हें संघर्ष पर आमादा भीड से निपटने की और बारी-बारी से बल इस्तेमाल करने की ट्रेनिंग दी जा रही है.
पहले पानी की बौछार, फिर ….
एसपी विश्व पानसरे दंगा नियंत्रण पथक को खास ट्रेनिंग दे रहे हैं. हाल ही में दिल्ली में हुए पब्लिक-खाकी संघर्ष से सबक लेकर यह प्रशिक्षण दिए जाने की जानकारी देेते हुए अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों पर सर्वप्रथम पानी की बौछार करने, उन्हें धरना स्थल से हटाने का प्रयास करने फिर आंसू गैस के गोले का उपयोग करने उपरांत पैलेट गन का इस्तेमाल करने एवं स्थिति कंट्रोल से बाहर होने की परिस्थिति में ही लाठी चार्ज या गोलीबार का आदेश दिया जाए. पुलिस को अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उपलब्ध खास पोशाख और साधनों के उपयोग के बारे में भी विश्व पानसरे और उनके सहयोगी बता रहे हैं.

Back to top button