कार की टक्कर में मजदूर की मौत

हादसे के बाद फरार आरोपी चालक की कार जब्त

* नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र के बिजीलैंड के पास की घटना
अमरावती/दि.7– नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र के नागपुर रोड स्थित बिजीलैंड मार्केट के सामने हुई सडक दुर्घटना में मजदूर की मृत्यु हो गई. इस हादसे के बाद कार चालक घटनास्थल से फरार हो गया. लेकिन घटनास्थल पर जमा हुई भीड में बनाये गये वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर कार जब्त कर ली. आरोपी चालक एक कोचिंग क्लास का संचालक बताया जाता है. हादसे में मृत मजदूर का नाम मदन तानु कास्देकर (45) है.
जानकारी के मुताबिक चिखलदरा तहसील के पलसिया ग्राम निवासी मदन कास्देकर अपने दोस्त रघुनाथ वडतकर के साथ 4 दिन पूर्व ही अमरावती के बिजीलैंड में मजदूरी करने आया था. दोनों वहीं काम कर रहे थे. बुधवार 5 अगस्त की रात 8.30 बजे दोनों बिजीलैंड के सामने मौजूद थे. इसी दौरान नागपुर से अमरावती की ओर आ रही तेज रफ्तार कार ने मदन को जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि, मदन के सिर पर गंभीर चोट लगने से वह सडक पर गिर पडा. हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया. लेकिन घटनास्थल पर मौजूद नागरिकों ने मोटर साइकिल से पीछा कर उसका वीडियो बना लिया. वीडियो में कार का नंबर स्पष्ट रुप से रिकॉर्ड हो गया. जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिला. वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने इंसानियत का परिचय देते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर घायल मदन की सहायता की और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया. लेकिन उपचार के दौरान मदन कास्देकर की मृत्यु हो गई. नांदगांव पेठ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की. गुरुवार 6 अगस्त को वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर पता चला कि, हादसे में शामिल कार अक्षय इंगोले नामक व्यक्ति की है और वह चिचखेड का रहने वाला है. वर्तमान में वह अमरावती में कोचिंग क्लास संचालित करता है. बुधवार 5 अगस्त की रात हुई इस दुर्घटना के बाद चालक भयभीत होकर घटनास्थल से भाग गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Back to top button