‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लें

अपर आयुक्त संजय जाधव का आवाहन

* 9 से 17 अगस्त तक चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान
* सरकारी कार्यालयों पर फहराया जाएगा तिरंगा
अमरावती /दि.7– देश की आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सभी अधिकारी-कर्मचारी और नागरिकों से उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील अपर आयुक्त संजय जाधव ने की है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज देश की एकता और गौरव का प्रतीक है, इसलिए सभी सरकारी कार्यालयों पर तिरंगा फहराकर इस राष्ट्रीय अभियान में सहभागिता सुनिश्चित की जाए.
विभागीय आयुक्त कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में संजय जाधव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की तैयारियों की समीक्षा की. बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे. उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार नगर निगम और स्थानीय प्रशासन द्वारा अभियान की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. शहर में महाराष्ट्र राज्य खादी ग्रामोद्योग मंडल के केंद्रों सहित विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री एवं वितरण केंद्र स्थापित किए गए हैं.
नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने के लिए शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, रैलियां और जनजागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे. अपर आयुक्त ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के राष्ट्रप्रेम की अभिव्यक्ति है. उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों से अपने भवनों पर तिरंगा फहराकर इस जनभागीदारी अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया. संजय जाधव ने यह भी निर्देश दिए कि राष्ट्रीय ध्वज फहराते समय भारतीय ध्वज संहिता का पूर्णतः पालन किया जाए. ध्वज फटा या गंदा नहीं होना चाहिए तथा अभियान समाप्त होने के बाद उसे सम्मानपूर्वक सुरक्षित स्थान पर संरक्षित रखा जाए.

Back to top button