अण्णाभाऊ साठे जयंती और लोकमान्य तिलक पुण्यतिथि मनाई गई

मोर्शी की जिला परिषद माध्यमिक स्कूल में

* पूर्व छात्रा ने विद्यार्थियों को भेंट किए शतरंज सेट
* शिक्षा अधिकारी ने मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन
मोर्शी/दि.7- जिला परिषद (पूर्व शासकीय) माध्यमिक विद्यालय, मोर्शी में ‘आनंददायी शनिवार’ कार्यक्रम के अंतर्गत लोकशाहीर अण्णाभाऊ साठे जयंती एवं लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई.
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के मुख्याध्यापक मनोहर नागनाथ मुंढे ने की. मुख्य अतिथि के रूप में प्रा. जानकी आहाके, मनोहरराव अंधारे, उमेश गोहाड तथा शशिकांत अंबुलकर उपस्थित रहे. अतिथियों ने अण्णाभाऊ साठे और लोकमान्य तिलक के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर विद्यार्थियों को उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया. इस अवसर पर विद्यालय की पूर्व छात्रा एवं प्राध्यापिका प्रा. जानकी आहाके ने विद्यार्थियों को शतरंज (चेस) के कई सेट भेंट किए. उन्होंने विद्यार्थियों को शतरंज के नियमों और तकनीकों की जानकारी देते हुए प्रशिक्षण भी दिया. उन्होंने कहा कि यह खेल बच्चों की एकाग्रता, तार्किक क्षमता और बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा विद्यार्थियों से विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया. कार्यक्रम में मनोहरराव अंधारे ने भी प्रेरणादायी मार्गदर्शन किया और विद्यार्थियों को उपहार स्वरूप पेन वितरित किए.
मुख्याध्यापक मनोहर मुंढे ने बताया कि हाल ही में आयोजित ऑनलाइन समीक्षा बैठक में प्राथमिक शिक्षा अधिकारी सतीश मुगल ने विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकताओं को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया है. यह जानकारी मिलते ही विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खुशी व्यक्त की. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे. अंत में अल्पाहार एवं चाय के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ. कार्यक्रम की सफलता के लिए चैताली मुंदाने, अपूर्वा जिचकार, दिव्या खुरपे और अनुश्री ढोबले ने विशेष सहयोग दिया.

Back to top button