विदर्भ के कपड़ा व्यापारियों का नेपाल स्नेह मिलन एवं व्यावसायिक अध्ययन दौरा संपन्न

अमरावती/दि.7 – विदर्भ के कपड़ा व्यवसायियों द्वारा नेपाल की एक रोमांचक और सफल यात्रा का आयोजन किया गया. अमरावती के सुप्रसिद्ध ‘आनंद होजरी’ के सहयोग से आयोजित इस दौरे में विदर्भ क्षेत्र के लगभग 14 प्रमुख व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य व्यापारिक व्यस्तता से समय निकालकर आपसी सौहार्द बढ़ाना, नेपाल की संस्कृति से रूबरू होना और खूबसूरत वादियों के बीच यादगार पल बिताना था. आध्यात्मिक और प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर रहा 6 दिवसीय दौरा यात्रा के दौरान व्यापारियों ने नेपाल के कई प्रसिद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण किया.

* ऐसा रहा 6 दिवसीय दौरा
– काठमांडू आगमन एवं दर्शन : गोरखपुर से यात्रा की शुरुआत करते हुए व्यापारी नेपाल सीमा के रास्ते काठमांडू पहुंचे. यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर, गुह्येश्वरी देवी, इस्कॉन मंदिर, स्वयंभूनाथ (मंकी टेम्पल) और स्लीपिंग विष्णु के दर्शन किए. इसके साथ ही स्थानीय बाजारों में खरीदारी का भी आनंद लिया.
– मनकामना दर्शन और पोखरा यात्रा : काठमांडू से पोखरा की ओर प्रस्थान के दौरान व्यापारियों ने रास्ते में प्राकृतिक नजारों का लुत्फ उठाया तथा केबल कार के जरिए प्रसिद्ध मनकामना देवी मंदिर के दर्शन किए.
– पोखरा के प्रमुख आकर्षण : झीलों के शहर पोखरा में व्यापारियों ने फेवा झील, ताल बाराही मंदिर, गुप्तेश्वर महादेव गुफा, सेती नदी गॉर्ज, महेंद्र गुफा, बैट केव (चमगादड़ गुफा), बिंध्यवासिनी मंदिर और डेविस फॉल का भ्रमण किया. इसके अलावा पुमदिकोट शिव प्रतिमा और वर्ल्ड पीस पैगोडा (विश्व शांति स्तूप) से पोखरा की मनमोहक वादियों के दर्शन किए.
– लुम्बिनी दर्शन के साथ वापसी : पोखरा से गोरखपुर वापसी के मार्ग में भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुम्बिनी के दर्शन किए गए. अंत में सभी व्यापारी नेपाल दौरे की मीठी और सुहानी यादें संजोते हुए गोरखपुर रेलवे स्टेशन से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए.

* व्यापारियों में दिखा भारी उत्साह
इस अनूठे दौरे को सफल बनाने में आनंद होजरी, अमरावती के विशेष सहयोग की सभी व्यापारियों ने सराहना की. इस यात्रा ने न केवल विदर्भ के व्यापारियों को एक बेहतरीन टूरिज्म अनुभव दिया, बल्कि आपसी भाईचारे और व्यावसायिक रिश्तों को भी नई मजबूती प्रदान की.

Back to top button